सफाई, सुरक्षा और मेंटेनेंस सेवाएं चरमराईं, रहवासियों में बढ़ी चिंता (पैरामाउंट इमोशंस )
ग्रेटर नोएडा वेस्ट llपैरामाउंट इमोशंस सोसाइटी में इन दिनों हालात बदतर होते जा रहे हैं। बिल्डर और एओए (अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन) के बीच चल रहे आपसी तनाव का सीधा असर सोसाइटी की व्यवस्थाओं पर पड़ रहा है, जिससे निवासी परेशान हैं। सोसाइटी में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। कूड़ा उठान नियमित रूप से नहीं हो रहा है और कई स्थानों पर गंदगी के ढेर लगे हुए हैं।
हाउसकीपिंग स्टाफ की भारी कमी के चलते टावर और कॉमन एरिया में सफाई न के बराबर रह गई है। वहीं, पार्क और अन्य सार्वजनिक स्थानों की मेंटेनेंस भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। हरियाली और साफ-सफाई की अनदेखी के कारण वातावरण अस्वच्छ होता जा रहा है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों को विशेष परेशानी हो रही है।
सुरक्षा व्यवस्था भी चिंता का विषय बन गई है। सोसाइटी में गार्डों की संख्या में काफी कमी आई है और कई टावर बिना पर्याप्त सुरक्षा के चल रहे हैं। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना या दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि बिल्डर और एओए के बीच चल रहा विवाद जल्द से जल्द सुलझाया जाना चाहिए, ताकि सोसाइटी की मूलभूत सुविधाएं बहाल हो सकें। फिलहाल इस खींचतान के बीच आम लोग ही सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।



