अपराध

जारचा पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, बकरा चोरी करने वाले गैंग का सदस्य गोली लगने से घायल

गौतमबुद्धनगर। थाना जारचा पुलिस और बदमाशों के बीच रविवार, 1 नवंबर 2026 को प्यावली डैम के पास मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बकरा चोरी करने वाले संगठित गैंग का एक सदस्य पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान कमल उर्फ कमलुआ उर्फ कल्लू (28 वर्ष) निवासी ग्राम जगन्नाथपुर, थाना गुन्नौर, जनपद सम्भल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है।

थाना जारचा पुलिस प्यावली डैम के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर बदमाश भागने लगे। पीछा करने पर एक बदमाश ने खुद को घिरा देखकर मोटरसाइकिल से उतरकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मोटरसाइकिल समेत फरार हो गया।

दिल्ली-एनसीआर में फैला था बकरा चोरी का नेटवर्क पूछताछ में सामने आया कि घायल आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर बकरा चोरी करने वाला संगठित गैंग संचालित करता था। गैंग के सदस्य पहले मोटरसाइकिल से घूमकर उन स्थानों की रेकी करते थे, जहां बड़ी संख्या में बकरे रखे जाते थे। इसके बाद रात के समय चार पहिया वाहन से पहुंचकर बकरों को चोरी कर लिया जाता था। चोरी किए गए बकरों को दिल्ली में बेचकर प्राप्त रकम आपस में बांट ली जाती थी।

पुलिस के मुताबिक, इस गैंग ने गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, अलीगढ़, बुलंदशहर, सम्भल सहित दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न क्षेत्रों में बकरा चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया है। तमंचा, कारतूस और 7,560 रुपये बरामद पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा चोरी के बकरे बेचकर प्राप्त हुए 7,560 रुपये बरामद किए हैं।

15 मुकदमों में दर्ज है आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ चोरी, लूट/संपत्ति संबंधी अपराध, आर्म्स एक्ट, गोवध अधिनियम और आबकारी अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में बुलंदशहर, बदायूं, कासगंज, सम्भल और गौतमबुद्धनगर में कुल 15 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें थाना जारचा में वर्ष 2026 के दो मुकदमे भी शामिल हैं।

फिलहाल पुलिस फरार बदमाश की तलाश में जुटी है तथा गैंग के अन्य सदस्यों और आपराधिक गतिविधियों के संबंध में आगे की जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button