नोएडा सेक्टर-43 में बिना लाइसेंस चल रही शराब पार्टी पर आबकारी विभाग की छापेमारी, तीन आयोजक गिरफ्तार
नोएडा। उत्तर प्रदेश शासन एवं आबकारी आयुक्त के निर्देश पर गौतमबुद्धनगर में अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 1 नवंबर 2026 को आबकारी विभाग और थाना सेक्टर-39 पुलिस की संयुक्त टीम ने नोएडा के सेक्टर-43 स्थित मकान संख्या सी-106 पर छापेमारी की।
आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 संजय कुमार के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान बिना FL-11 इवेंट बार लाइसेंस के अवैध रूप से शराब परोसते हुए तीन पार्टी संचालकों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृतेश सिंह निवासी गोरखपुर, शिखर सक्सेना निवासी कानपुर नगर और आयुष चौरसिया निवासी कानपुर नगर के रूप में हुई है।
मौके से 13 बोतल विदेशी शराब बरामद छापेमारी के दौरान पुलिस एवं आबकारी टीम ने मौके से कुल 13 बोतल विदेशी मदिरा बरामद की। इनमें सिमरन ऑफ जामुन की 3 बोतल, सिमरन ऑफ वोदका की 1 बोतल, मैजिक मूमेंट वोदका, टैंकेरे लंदन ड्राई जिन की 2 बोतल, गोल्फर शॉर्ट व्हिस्की, बकार्डी मैंगो चिली, जगरमास्टर, ब्रदर्स एंड कंपनी व्हिस्की और सुला वाइन की एक-एक बोतल शामिल हैं। इसके अलावा बकार्डी लिमोन, बकार्डी मैंगो चिली और ड्यूअर्स व्हाइट लेबल के तीन हाफ भी बरामद किए गए।
बरामद शराब की प्रत्येक बोतल पर ‘फॉर सेल इन उत्तर प्रदेश ओनली’ अंकित था। कुल 4.55 बल्क लीटर शराब बरामद की गई।
आबकारी विभाग के अनुसार, तीनों आरोपियों के विरुद्ध थाना सेक्टर-39 में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और बिना लाइसेंस शराब परोसने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



