खाने में कीड़ा मिलने की शिकायत पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, नालंदा लिविंग हॉस्टल की किचन का संचालन बंद
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क-1 स्थित नालंदा लिविंग हॉस्टल में भोजन में कीड़ा मिलने की शिकायत को खाद्य सुरक्षा विभाग ने गंभीरता से लेते हुए देर रात तक जांच अभियान चलाया। 30 अक्टूबर 2026 को खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री मुकेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर हॉस्टल की रसोई का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान किचन में लगी चिमनी अत्यंत गंदी पाई गई। इसके अलावा कई स्थानों पर टाइल्स टूटी हुई मिलीं, जहां पानी भरने की समस्या भी सामने आई। किचन में साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई।
खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी और जनस्वास्थ्य पर संभावित खतरे को देखते हुए विभाग ने हॉस्टल का खाद्य पंजीकरण सुधार किए जाने तक निलंबित कर दिया। साथ ही निलंबन अवधि के दौरान किचन का संचालन तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि में आवश्यक सुधार नहीं किए जाने पर खाद्य पंजीकरण निरस्त भी किया जा सकता है।
इसके अतिरिक्त तैयार भोजन की गुणवत्ता का भौतिक परीक्षण किया गया तथा प्रयोगशाला में जांच के लिए सोया चाप की सब्जी का एक नमूना भी संग्रहित किया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



