नोएडा के विकास के शिल्पकार किसान बदहाल, RWA अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने विधायक पंकज सिंह से लगाई न्याय की गुहार
नोएडा llआज नोएडा सफलता, आधुनिकता और विकास की जिस बुलंद इमारत पर खड़ा है, उसकी मजबूत नींव यहां के स्थानीय किसानों और ग्रामीणों के अभूतपूर्व त्याग और समर्पण पर टिकी है। अत्यंत दुखद और विचारणीय पहलू यह है कि इस चमचमाते शहर को अपने पसीने से बसाने वाला किसान आज खुद बुनियादी नागरिक सुविधाओं और अपने वाजिब हक के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है।
सेक्टर-105 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने नोएडा विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक पंकज सिंह का ध्यान ग्रामीण नोएडा की इस बदहाली और किसानों की ज्वलंत समस्याओं की ओर आकर्षित करते हुए त्वरित हस्तक्षेप की मांग की है।
दिव्य कृष्णात्रेय ने क्षेत्र की विषमता को उजागर करते हुए कहा कि एक तरफ जहां नोएडा की गगनचुंबी इमारतें रात के उजाले में जगमगाती हैं, वहीं दूसरी ओर शहर के अधिकांश गांवों की स्थिति दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है। गांवों की गलियों में उफान मारता सीवर, ओवरफ्लो होती नालियां और गंदे पानी से जलमग्न रास्ते स्थानीय निवासियों का जीना दूभर कर रहे हैं। इतने अत्यधिक विकसित और हाइटेक शहर का हिस्सा होने के बावजूद ग्रामीण आज भी पीने के स्वच्छ पानी और निर्बाध बिजली जैसी अति-आवश्यक प्राथमिक सुविधाओं के लिए रोजाना संघर्ष कर रहे हैं।
किसानों के आर्थिक शोषण और मुआवजा नीति पर कड़ा ऐतराज जताते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान में नोएडा प्राधिकरण द्वारा भूमि अधिग्रहण के बदले किसानों को लगभग 5,325 रुपये प्रति वर्ग मीटर का अत्यंत मामूली मुआवजा दिया जा रहा है, जो भूमि अधिग्रहण अधिनियम के स्पष्ट प्रावधानों का उल्लंघन है। नियमसंगत रूप से शहरी क्षेत्र के गांवों के किसानों को सर्किल रेट का कम से कम दोगुना मुआवजा मिलना चाहिए। जब प्राधिकरण अपनी अधिग्रहित जमीनों को ई-ऑक्शन के माध्यम से बड़े पूंजीपतियों को रिकॉर्ड तोड़ दरों पर बेचकर भारी मुनाफा कमा रहा है, तब जमीन के असली मालिक किसानों को उनके न्यायसंगत अधिकार से वंचित रखना पूरी तरह अनुचित और अनैतिक है।
उन्होंने आगे कहा कि गांवों में पिछले कई वर्षों से सर्किल रेट को पूरी तरह फ्रीज कर रखा गया है, जिससे किसानों को चौतरफा आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। जमीनों की बैकलीज का दायरा 450 मीटर से बढ़ाकर 1,000 मीटर करने का लंबित मामला हो या फिर किसानों को उनके हक के 5 प्रतिशत आबादी प्लॉटों का त्वरित आवंटन, ये सभी न्यायसंगत मांगें वर्षों से शासन और प्रशासन की फाइलों में धूल फांक रही हैं।
दिव्य कृष्णात्रेय ने क्षेत्रीय विधायक श्री पंकज सिंह के जुझारू और जनहितैषी नेतृत्व पर पूर्ण विश्वास व्यक्त करते हुए उनसे अपील की है कि वे शासन और प्राधिकरण के शीर्ष स्तर पर किसानों की इन जायज मांगों को पूरी मजबूती से उठाएं और इसका स्थाई समाधान कराएं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नोएडा का सच्चा, समावेशी और सर्वांगीण विकास केवल बहुमंजिला इमारतों से संभव नहीं है, बल्कि यह तभी साकार होगा जब इस शहर की आधारशिला रखने वाले अन्नदाताओं को उनका खोया हुआ सम्मान, वाजिब हक और गांवों में बेहतर नागरिक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी l



