10 वर्षीय धनंजय नेहरा की स्वर्णिम उपलब्धि: इंटरस्कूल नेशनल जीतकर मुख्य ‘नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप’ के लिए बनाई जगह
नोएडा। छोटी उम्र, बड़ा हौसला और अचूक निशाना! नोएडा के सेक्टर 105 (A-56) में अपने परिवार के साथ रहने वाले 10 वर्षीय बाल निशानेबाज़ धनंजय नेहरा ने अपनी प्रतिभा के दम पर खेल जगत में सनसनी फैला दी है। हाल ही में आयोजित विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग प्रतियोगिताओं में एक के बाद एक शानदार जीत दर्ज करते हुए धनंजय ने इस वर्ष दिसंबर में आयोजित होने वाली बहुप्रतीक्षित मुख्य ‘नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप 2026’ के लिए आधिकारिक तौर पर क्वालीफाई कर लिया है।

धनंजय की इस अद्भुत खेल यात्रा की शुरुआत 17 अगस्त 2026 को आयोजित ‘सीबीएसई नॉर्थ ज़ोन शूटिंग चैंपियनशिप’ से हुई, जहाँ उन्होंने अपने स्कूल का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने शानदार फॉर्म का परिचय दिया। इसके तुरंत बाद, 20 से 23 अगस्त 2026 तक आयोजित ‘इंटरस्कूल स्टेट चैंपियनशिप’ में भी धनंजय का दबदबा कायम रहा और उन्होंने अपने वर्ग में प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए अगले चरण में प्रवेश किया।

अपनी इस लय को बरकरार रखते हुए धनंजय ने 30 अगस्त से 6 सितंबर 2026 तक आयोजित प्रतिष्ठित ’28वीं ऑल इंडिया कुमार सुरेंद्र सिंह इंटर स्कूल शूटिंग चैंपियनशिप (इंटरस्कूल नेशनल)’ में भाग लिया। इस राष्ट्रीय मंच पर 10 साल के धनंजय ने अद्भुत धैर्य और अचूक निशानों का प्रदर्शन करते हुए बेहतरीन अंकों के साथ क्वालीफाई किया। इस स्वर्णिम सफलता के साथ ही उन्होंने दिसंबर 2026 में होने वाली देश की सर्वोच्च ‘नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप’ का टिकट पक्का कर लिया।
धनंजय की इस ऐतिहासिक सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने कहा, “इतनी कम उम्र में धनंजय का यह समर्पण और प्रदर्शन केवल सेक्टर 105 ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। धनंजय ने साबित कर दिया है कि प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती।” उन्होंने आगे बताया कि आरडब्ल्यूए पूर्व में भी इस होनहार निशानेबाज़ को उनकी विलक्षण खेल प्रतिभा के लिए सम्मानित कर चुका है।
धनंजय की इस स्वर्णिम उपलब्धि से उनके परिवार, स्कूल, कोच और पूरे सेक्टर 105 निवासियों में उत्साह और जश्न का माहौल है। सभी क्षेत्रवासियों और शुभचिंतकों ने इस नन्हें चैंपियन को दिसंबर में होने वाले आगामी नेशनल मुकाबले में स्वर्णिम सफलता के लिए अपनी अग्रिम शुभकामनाएँ दी हैं l



