आईएमएस में खेला गया डिस्ट्रिक्ट प्ले क्रिएटर्स लीग का फाइनल
नोएडा। सेक्टर-62 स्थित आईएमएस नोएडा में आयोजित चार दिवसीय डिस्ट्रिक्ट प्ले क्रिएटर्स लीग का फाइनल मुकाबला रोमांच और उत्साह से भरपूर रहा। आईएमएस वॉरियर्स और मिगसन चैंपियंस के बीच खेले गए फाइनल में दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। निर्धारित समय तक मुकाबला 6-6 की बराबरी पर रहा। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट के जरिए विजेता का फैसला हुआ, जिसमें मिगसन चैंपियंस ने जीत दर्ज कर लीग का खिताब अपने नाम किया।
आईएमएस की स्पोट्स कॉडिनेटर रीना मैसी ने बताया कि फाइनल मुकाबले में शुरुआत से ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। मैदान पर तेज पासिंग, शानदार गोल प्रयास और बेहतरीन डिफेंस ने दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। दोनों टीमों ने एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी और मुकाबला अंतिम क्षण तक बराबरी का बना रहा। निर्धारित समय के बाद पेनल्टी शूटआउट में मिगसन चैंपियंस ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।
इस अवसर पर आईएमएस नोएडा के वाइस प्रेसिडेंट चिराग गुप्ता ने कहा कि युवाओं के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का बेहतरीन प्रदर्शन किया। आईएमएस भविष्य में भी युवाओं को खेल एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
फाइनल से पहले खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में आईएमएस वॉरियर्स ने स्टेलारिन एफसी को 5-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में मिगसन चैंपियंस और विश्वकर्मा स्पोर्ट्स एफसी के बीच मुकाबला 3-3 की बराबरी पर समाप्त हुआ। पेनल्टी शूटआउट में मिगसन चैंपियंस ने जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई।



