यूथ आइकन अवार्ड्स 2026 में सामाजिक कार्यकर्ताओं, खिलाड़ियों एवं युवा प्रतिभाओं को किया गया सम्मानित

नोएडा। युवा क्रांति सेना एवं गौरी शिक्षा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में शहीद-ए-आज़म सरदार भगत सिंह जी की 119वीं जयंती के अवसर पर “शौर्य समर्पण कार्यक्रम” का आयोजन सेक्टर-33, नोएडा स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में किया गया। कार्यक्रम में शहीद भगत सिंह जी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ समाज, खेल एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली युवा प्रतिभाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को यूथ आइकन अवार्ड्स से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गौरी शिक्षा फाउंडेशन के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, जगद्गुरु सतीशाचार्य जी महाराज एवं न्यायमूर्ति अनिल यादव (बनारस) ने शहीद भगत सिंह जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री मदन चौहान एवं सांसद प्रतिनिधि संजय बाली ने भी कार्यक्रम में उपस्थित होकर शहीद को नमन किया।
यूथ आइकन अवार्ड्स 2026 के अंतर्गत सामाजिक क्षेत्र में डॉ. महिपाल सिंह, विजेंदर गोस्वामी, मोनू चौहान एवं सोनू राणा को सम्मानित किया गया। खेल के क्षेत्र में पैरा इंडियन आर्चर पूजा कुमारी एवं तनिष्का, साइक्लिस्ट प्रदीप कुमार, रेयांश वर्मा, बालम सिंह खानी, कुणाल यादव, पर्वतारोही प्रिया कुमारी, टिया बतरा एवं पूनम यादव को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर नोएडा के विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर शहीद भगत सिंह जी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गौरी शिक्षा फाउंडेशन के अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने बच्चों को निडर बनाओ, उन्हें अपने पैरों पर खड़ा करो और उन्हें बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करो। हर बच्चे में भगत सिंह जैसी सोच और हिम्मत हो। हमारे आसपास के युवाओं पर विश्वास रखो और उनके लिए कुछ करो, यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। हमारा देश दुनिया की सबसे बड़ी आबादी वाला देश है, हमारे पास प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो सिर्फ उसे सही अवसर देने की। हर बच्चे को आगे बढ़ना होगा और उद्योगपतियों को भी आगे आकर युवाओं के सपनों को पूरा करने में सहयोग करना होगा। चीन को पीछे छोड़कर मेडल टैली में भारत को ऊपर देखना हर युवा का सपना होना चाहिए और हम सभी को मिलकर उनके सपने को साकार करना होगा।
सेना के सलाहकार दीपक शंखधर ने कहा कि युवा क्रांति सेना और गौरी शिक्षा फाउंडेशन जल्द ही मांग उठाएंगे कि नोएडा के सेक्टर-51 मेट्रो स्टेशन का नाम शहीद-ए-आज़म सरदार भगत सिंह जी के नाम पर रखा जाए। इसके साथ ही शहर की प्रमुख सड़कों का नामकरण शहीदों के नाम पर करने, विभिन्न स्थानों पर उनकी प्रतिमाएं स्थापित करने तथा स्कूलों के पाठ्यक्रम में शहीद भगत सिंह जी एवं अन्य महान क्रांतिकारियों की जीवनी और विचारों को शामिल करने की मांग भी की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान बी.एस. मेमोरियल पब्लिक स्कूल के बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर शहीद भगत सिंह जी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में युवा क्रांति सेना के रणपाल अवाना, दीपक शंखधर, अविनाश सिंह, लोकेश चौहान, राजेश अम्बवता, सतीश गुप्ता, अर्जुन प्रजापति, अंकुर शर्मा, प्रशांत यादव, बाबू प्रधान, अनूप चतुर्वेदी, आशीष शर्मा, भव्य वैद सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, युवा, खिलाड़ी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।



