धर्म

गौशालाओं के विकास और गोवंश संरक्षण पर संतों ने दिया जोर

नोएडा। सेक्टर-131 स्थित यमुना किनारे गढ़ी गांव में रविवार को गौशालाओं के विकास, गोवंश संरक्षण एवं गोसेवा को लेकर संतों की मौजूदगी में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। संतों ने समाज से गौशालाओं के उत्थान में सक्रिय सहयोग करने और गोवंश की सुरक्षा एवं देखभाल को सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में निभाने का आह्वान किया।

प्रेस वार्ता में संत माधव गिरी जी, यति महादेवानंद गिरी, अजीत बाबा दास, मनोज गिरी, राम गिरी, सुग्रीव गिरी, मुख्य महंत सहित अनेक संत मौजूद रहे। संतों ने कहा कि गौशालाओं में गोवंश के लिए भोजन, स्वच्छता, चिकित्सा, पानी और सुरक्षित आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

यति महादेवानंद गिरी ने कहा कि गोवंश संरक्षण केवल किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सामूहिक जिम्मेदारी है। वहीं संत माधव गिरी जी ने नोएडा में आवारा गोवंश की समस्या के समाधान और गौशालाओं को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए लोगों से आर्थिक एवं सामाजिक सहयोग की अपील की।

उन्होंने बताया कि समाज के सहयोग से गौशाला में गोवंश के भोजन, चिकित्सा और रखरखाव की व्यवस्थाओं में सुधार हुआ है तथा भविष्य में इसे और बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में नोएडा प्राधिकरण की ओर से गोवंश के लिए उपलब्ध कराई गई भूमि का भी उल्लेख किया गया।

संतों ने बताया कि गोसेवा और जनजागरूकता को बढ़ावा देने के लिए आगामी समय में नियमित कार्यक्रम एवं शोभायात्राएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने समाज से गौशालाओं के विकास में सहयोग कर गोवंश संरक्षण के अभियान को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button