उत्तर प्रदेश

70+ वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य सुरक्षा कवच को मजबूत करने आगे आया YSS फाउंडेशन

नोएडा। वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा से जोड़ने और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाने के उद्देश्य से वाईएसएस फाउंडेशन ने महागुन मिराबेला, सेक्टर-79, नोएडा स्थित क्लब हाउस में आयुष्मान स्वास्थ्य कार्ड जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर का आयोजन किया।

शिविर में 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना सहित विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी गई। फाउंडेशन की टीम ने पात्रता, पंजीकरण प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लेने के संबंध में वरिष्ठ नागरिकों एवं उनके परिवारों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

स्वास्थ्य सुरक्षा के साथ जागरूकता पर जोर :- शिविर का उद्देश्य केवल स्वास्थ्य कार्ड का पंजीकरण कराना नहीं, बल्कि वरिष्ठ नागरिकों को उनके स्वास्थ्य अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक एवं सशक्त बनाना भी रहा। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए स्वास्थ्य योजनाओं से संबंधित प्रश्न पूछे और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।

वाईएसएस फाउंडेशन के अध्यक्ष सचिन गुप्ता ने कहा, “वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनका स्वास्थ्य और सम्मान हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। हमारा प्रयास है कि प्रत्येक पात्र वरिष्ठ नागरिक को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की सही जानकारी और समय पर मार्गदर्शन मिले, ताकि वे स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ प्राप्त कर सकें।”

उन्होंने कहा कि वाईएसएस फाउंडेशन का लक्ष्य सरकारी योजनाओं की जानकारी को समुदाय के अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना और जनभागीदारी के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करना है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों, परिवारों एवं स्वयंसेवकों की सक्रिय सहभागिता रही। वाईएसएस फाउंडेशन ने भविष्य में भी स्वास्थ्य जागरूकता, सरकारी योजनाओं की पहुंच और जनसेवा से जुड़े अभियानों को व्यापक स्तर पर जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button