नन्हे हाथों का बड़ा संकल्प”: नोएडा के 5 बच्चों ने संभाली अपने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की कमान
नोएडा llसेक्टर-105 में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता की एक नई और प्रेरणादायक मिसाल देखने को मिल रही है। प्रसिद्ध स्टेप बाय स्टेप स्कूल में पढ़ने वाले पांच होनहार बच्चों—प्रशस्त कुमार, तिष्या पुरी, शिवनंदिनी धौल, यशवी टंडन और कबीर सिंह दयाल—ने अपने शहर को साफ-सुथरा और हरा-भरा बनाने का बीड़ा उठाया है। ये बच्चे हर महीने नियमित रूप से सेक्टर-105 में एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाते हैं।
इन नन्हे पर्यावरण मित्रों का यह जज्बा न केवल सराहनीय है, बल्कि पूरे समाज और बड़ों के लिए भी एक बड़ा संदेश है। इतनी कम उम्र में सामाजिक जिम्मेदारी को समझते हुए सार्वजनिक स्थानों की सफाई करना और लोगों को जागरूक करना अत्यंत प्रशंसनीय है। इन बच्चों के इस निस्वार्थ प्रयास की जितनी भी सराहना की जाए, वह कम है।
आरडब्ल्यूए सेक्टर-105 के अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने बच्चों के इस अनूठे प्रयास की खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “प्राधिकरण और स्वास्थ्य कर्मियों के साथ-साथ जब तक आम नागरिक अपनी नैतिक जिम्मेदारी नहीं समझेंगे, तब तक स्वच्छ नोएडा का सपना पूरा नहीं हो सकता। लेकिन प्रशस्त कुमार, तिष्या पुरी, शिवनंदिनी धौल, यशवी टंडन और कबीर सिंह दयाल जैसे बच्चों की यह पहल साबित करती है कि अगर हमारी नीयत साफ हो, तो बदलाव की शुरुआत किसी भी उम्र में की जा सकती है। ये बच्चे पूरे नोएडा के लिए प्रेरणास्रोत हैं।”
सार्वजनिक स्थलों को अपने घर की तरह स्वच्छ रखने और पेड़-पौधों की देखभाल करने का जो संदेश ये बच्चे अपने कार्यों से दे रहे हैं, वह निसंदेह एक सुंदर, स्वच्छ और आकर्षक नोएडा के निर्माण में मील का पत्थर साबित होगा।



