healthउत्तर प्रदेश

दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 750 किलो दूषित मिठाई नष्ट

गौतमबुद्धनगर:- आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत जनपद वासियों को शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारीगण खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु संग्रहित कर रहे हैं।

इसी श्रृंखला में सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता एवं रितु सक्सैना की टीम द्वारा गढ़ी चौखंडी सेक्टर-121 नोएडा स्थित गणेश स्वीट निर्माणशाला से बूंदी लड्डू का 01 नमूना लिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओ पी सिंह व अमर बहादुर सरोज की टीम द्वारा बिलासपुर दनकौर ग्रेटर नोएडा स्थित सुंदर सिंह की मिठाई निर्माणशाला से छेना तथा रसगुल्ला का 01-01 लेकर शेष लगभग 100 किग्रा रसगुल्ला में मक्खी, मच्छर पड़े होने, प्रदूषित अवस्था में पाए जाने तथा प्रथम दृष्टया मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त होने के कारण नष्ट कराए गए। इसी टीम द्वारा बिशनपुर सेक्टर 58 नोएडा में संचालित सोनू मिठाई निर्माणशाला से बूंदी लड्डू का एक नमूना संग्रहित किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार एवं विजय बहादुर पटेल की टीम द्वारा सेक्टर 62 रसूलपुर नवादा नोएडा स्थित सम्यक मिठाई वाले की निर्माणशाला से रसगुल्ला, बूंदी लड्डू एवं बूंदी का 01-01 नमूना लिया लिया गया तथा शेष लगभग 450 किग्रा बूंदी को सीज किया गया एवं लगभग 300 किग्रा रसगुल्ला, मिठाई में मक्खी मच्छर पड़े होने, प्रदूषित होने व प्रथम दृष्टया मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त होने के कारण नष्ट कराई गई। इसके अतिरिक्त निर्माण इकाई में अत्यंत अस्वच्छकर परिस्थितियों में निर्माण कार्य किए जाने के कारण सुधार किए जाने तक लाइसेंस निलंबन की कार्यवाही की जा रही है तथा तब तक व्यवसाय के संचालन पर रोक लगा दी गई। इस प्रकार कुल 07 नमूने लिए जा चुके हैं तथा कार्यवाही देर रात तक जारी रहेगी। सभी खाद्य कारोबारियों को हिदायत दी गई कि खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत लाइसेंसी/पंजीकृत आपूर्तिकर्ता से खरीदें तथा खरीद बिल अवश्य लिए जाएं और निर्माण तिथि व बैच नंबर आदि देखकर ही खाद्य सामिग्री प्राप्त करें व उपभोक्ताओं को बिक्री करें।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय ने बताया कि आगे भी इसी प्रकार से जिलाधिकारी के निर्देशन में जांच अभियान संचालित करते हुए नमूने संग्रहित करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जनपद वासियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button