चोटपुर कॉलोनी एवं छिजारसी में विद्युत व्यवस्था को लेकर NCF का स्थलीय निरीक्षण
नोएडा llसामाजिक संस्था नौएडा सिटीजन फोरम (NCF) की कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती शालिनी सिंह ने आज ससैक्टर-63, नौएडा स्थित चोटपुर कॉलोनी एवं छिजारसी गाँव का स्थलीय दौरा कर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति, विद्युत मीटर, बिजली कनेक्शन, बिलिंग, बिजली चोरी तथा उपभोक्ताओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली।
दौरे के दौरान स्थानीय निवासियों ने NCF के समक्ष विद्युत कनेक्शन, मीटर, बिलिंग एवं बिजली चोरी से संबंधित कई गंभीर शिकायतें एवं अपनी समस्याएं रखीं। कुछ उपभोक्ताओं ने शिकायत की कि नियमित रूप से विद्युत बिलों का भुगतान करने और वैध कनेक्शन होने के बावजूद उन्हें कनेक्शन काटे जाने अथवा विद्युत आपूर्ति बाधित किए जाने जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
NCF की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह ने कहा कि बिजली चोरी एवं सरकारी राजस्व में किसी भी प्रकार की अनियमितता की शिकायत अत्यंत गंभीर विषय है। यदि किसी स्तर पर विभागीय अधिकारियों या कर्मचारियों तथा अन्य प्रभावशाली व्यक्तियों की कथित मिलीभगत के कारण सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंच रहा है, तो पूरे मामले की निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय जांच कराया जाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि बिजली चोरी के वास्तविक दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन नियमित रूप से बिलों का भुगतान करने वाले एवं वैध विद्युत कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को सामूहिक कार्रवाई का शिकार नहीं बनाया जाना चाहिए। प्रत्येक विद्युत कनेक्शन एवं मीटर की स्थिति की नियमानुसार अलग-अलग जांच कर वास्तविक स्थिति के आधार पर ही कार्रवाई की जानी चाहिए एवं विभाग को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए चाहिए की विद्युत आपूर्ति तत्काल प्रभाव से बहाल करे और मानकों के अनुरूप कार्यवाही कर नए विद्युत मीटर उपलब्ध कराए !
NCF ने मांग की है कि चोटपुर कॉलोनी एवं छिजारसी क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों के विद्युत मीटरों, कनेक्शनों, बिलिंग रिकॉर्ड, विद्युत खपत, जमा राजस्व तथा लाइन लॉस/बिजली चोरी से संबंधित आंकड़ों का विशेष एवं स्वतंत्र ऑडिट कराया जाए। साथ ही, यदि जांच के दौरान किसी अधिकारी, कर्मचारी अथवा अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
श्रीमती शालिनी सिंह ने कहा कि NCF इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं शासन के समक्ष उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग रखेगा। जांच का उद्देश्य केवल अनियमितताओं और बिजली चोरी के वास्तविक मामलों को सामने लाना ही नहीं, बल्कि सरकारी राजस्व की सुरक्षा के साथ-साथ निर्दोष एवं ईमानदार विद्युत उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करना भी है।
उन्होंने कहा कि NCF जनहित से जुड़े ऐसे प्रत्येक मुद्दे को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाता रहेगा और आवश्यक होने पर शासन स्तर तक प्रभावी ढंग से अपनी बात रखेगा।
नौएडा सिटीजन फोरम (NCF) आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनहित आधारित प्रशासन के लिए निरंतर अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा।धन्यवाद,



