एसडीएम दादरी के अनुपस्थित रहने पर किसानों में आक्रोश: एसीपी को ज्ञापन सौंपा, महापंचायत बुलाने का निर्णय

नोएडा llआज, 23 अक्टूबर 2026 को भारतीय किसान यूनियन टिकैत के जिला अध्यक्ष श्री मनोज मावी के नेतृत्व में दादरी में किसानों का विशाल प्रदर्शन और ट्रैक्टर रैली आयोजित की गई। किसानों द्वारा एसडीएम दादरी अभिनेंद्र सिंह को पहले से ही ज्ञापन सौंपने की सूचना दी गई थी, लेकिन तय समय पर एसडीएम दादरी जाम का बहाना बनाकर मौके पर नहीं पहुंचे। इससे किसानों में आक्रोश चरम सीमा तक पहुंच गया और किसानों ने “एसडीएम मुर्दाबाद” के नारे लगाने शुरू कर दिए।
स्थिति को नियंत्रित करते हुए जिला अध्यक्ष मनोज मावी और अशोक भाटी ने किसानों को शांत कराया और समझाया। इसके बाद मौके पर मौजूद एसीपी प्रशाली गंगवार को मनोज मावी और अशोक भाटी ने ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन’ (SIR) रद्द करने, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने तथा मतदान अधिकार बहाल करने की मांग के साथ-साथ गन्ना किसानों से जुड़ी समस्याओं और तहसील स्तर पर किसानों की समस्याओं से भी अवगत कराया गया। किसानों ने गन्ना मूल्य भुगतान में देरी, पर्ची व्यवस्था में सुधार तथा तहसील स्तर पर किसानों के हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
इस अवसर पर मनोज मावी ने कहा कि “हमने प्रशासन को पहले ही सूचना दी थी, फिर भी एसडीएम जाम का बहाना बनाकर नहीं आए। यह किसानों के साथ अन्याय है। प्रशासन किसानों की मांगों को टालने की कोशिश कर रहा है, लेकिन हम चुप नहीं बैठेंगे।”
किसानों ने एसडीएम के इस रवैये के विरोध में महापंचायत बुलाने का निर्णय भी लिया, जिसकी तिथि और स्थान की घोषणा शीघ्र की जाएगी। आयोजन में भारतीय किसान यूनियन टिकैत के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। ट्रैक्टर रैली के साथ प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।



