अदम्य इच्छाशक्ति की मिसाल: सचिन बंसल ने डेनमार्क में रचा इतिहास, दूसरी बार जीता ‘फुल आयरनमैन’ का प्रतिष्ठित खिताब
नोएडा llअंतरराष्ट्रीय खेल पटल पर भारत और नोएडा का मान बढ़ाते हुए , सेक्टर 105 के होनहार निवासी सचिन बंसल ने डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन में आयोजित दुनिया की सबसे कठिन और थका देने वाली एक-दिवसीय खेल स्पर्धा ‘फुल आयरनमैन’ (Full Ironman) को सफलतापूर्वक पूरा कर एक नया स्वर्णिम अध्याय लिख दिया है।

यह सचिन बंसल का लगातार दूसरा ‘फुल आयरनमैन’ खिताब है। बिना किसी विराम के निरंतर 3.8 किलोमीटर की उथल-पुथल भरी समुद्री तैराकी, तत्पश्चात 180 किलोमीटर की लंबी साइकिलिंग और अंत में 42.2 किलोमीटर की पूर्ण मैराथन दौड़ को मिलाकर कुल 226 किलोमीटर की यह अति-चुनौतीपूर्ण दूरी उन्होंने मात्र 13 घंटे 28 मिनट के अद्भुत समय में तय कर अपनी शारीरिक और मानसिक क्षमता का लोहा मनवाया।
सचिन बंसल की इस गौरवशाली उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय (दीपक शर्मा) ने कहा, “कोपेनहेगन के कठिन ट्रैक पर 226 किलोमीटर की दूरी को परास्त कर लगातार दूसरी बार आयरनमैन बनना कोई साधारण बात नहीं है। सचिन बंसल ने अपनी अटूट लगन, कठोर अनुशासन और अदम्य इच्छाशक्ति से न केवल हमारे सेक्टर बल्कि पूरे शहर का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उनकी यह ऐतिहासिक विजय हमारे युवाओं और हर नागरिक को फिटनेस और जीवन में बड़े लक्ष्य तय करने की प्रेरणा देती है।”
सचिन बंसल की इस शानदार और अविस्मरणीय सफलता पर आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ( दीपक शर्मा ) एवं समस्त कार्यकारिणी सदस्यों तथा सेक्टर वासियों ने उन्हें ढेरों बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।



