सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी घर-घर पहुंचाने की पहल, वाईएसएस फाउंडेशन ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए लगाया शिविर
नोएडा ll सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी पात्र नागरिकों तक पहुंचाने और वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से वाईएसएस फाउंडेशन द्वारा जयपी कोसमॉस, सेक्टर-134, नोएडा में आयुष्मान स्वास्थ्य कार्ड पंजीकरण एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में विशेष रूप से 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान भारत योजना की जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान स्वास्थ्य कार्ड के पंजीकरण की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया। साथ ही योजना की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में भी जागरूक किया गया।
वाईएसएस फाउंडेशन के अध्यक्ष सचिन गुप्ता ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ तभी प्रभावी रूप से समाज तक पहुंच सकता है, जब पात्र नागरिकों को उनकी जानकारी और प्रक्रिया दोनों सरल तरीके से उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन का प्रयास है कि वरिष्ठ नागरिकों सहित जरूरतमंद परिवारों को स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाए।
उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल शिविर आयोजित करना नहीं, बल्कि सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी को समाज के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों को उनके स्वास्थ्य अधिकारों और उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक करना हमारी प्राथमिकता है।”
कार्यक्रम में कृष्ण कुमार एवं तेजस गुप्ता की सक्रिय सहभागिता रही। शिविर के आयोजन में जयपी कोसमॉस के सहयोगी सदस्यों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सुनील भारद्वाज, बृजेश सिंह, विजय कुमार माथुर, अरुण शर्मा, मंगू त्यागी, संजय सोलंकी, गुरुदत्त दूरेजा, अभिजीत कुमार, कर्नल एल. गिरिजा देवी एवं सुभाष शर्मा सहित अन्य सहयोगियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
वाईएसएस फाउंडेशन ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने परिवार और आसपास के 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान भारत योजना की जानकारी दें तथा पात्र नागरिकों को स्वास्थ्य कार्ड बनवाने के लिए प्रोत्साहित करें।
फाउंडेशन के अनुसार, स्वास्थ्य जागरूकता और जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रखे जाएंगे। संगठन का उद्देश्य सेवा, जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से पात्र नागरिकों को सरकारी सुविधाओं से जोड़ना है।



