नोएडा सेक्टर-105 में जर्जर मकानों और झाड़-झंखाड़ से मंडराया जानलेवा खतरा
नोएडा llनोएडा के सेक्टर-105 में खाली पड़े भूखंडों और लंबे समय से उपेक्षित पड़े ‘कंप्लीशन हाउसों’ की बदहाली ने स्थानीय निवासियों की रातों की नींद उड़ा दी है। देख-रेख के अभाव में खंडहर में तब्दील हो चुके निर्माणों (जैसे प्लॉट संख्या A-005, B-78, D-236 आदि) और भूखंडों में उगे घने झाड़-झंखाड़ अब विषैले सांप-बिच्छुओं और असामाजिक तत्वों का सुरक्षित अड्डा बन चुके हैं। इस भयावह स्थिति के कारण क्षेत्र में हर पल किसी बड़े हादसे या गंभीर बीमारी का खतरा बना हुआ है, जिससे निवासियों में भारी डर और आक्रोश व्याप्त है।
निवासियों की सुरक्षा पर मंडराते इस गंभीर संकट का कड़ा संज्ञान लेते हुए आरडब्ल्यूए सेक्टर-105 के अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) को एक अति-आवश्यक पत्र भेजकर तुरंत हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ने दोटूंक शब्दों में कहा कि प्लॉट खरीदकर उसे लावारिस छोड़ देना और पूरे सेक्टर के स्वास्थ्य व जीवन से खिलवाड़ करना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आरडब्ल्यूए ने प्राधिकरण से मांग की है कि इन असुरक्षित और झाड़ियों से भरे भूखंडों की तुरंत सफाई कराई जाए। इसके साथ ही, नियम तोड़कर परिसरों को बदहाल छोड़ने वाले भूखंड स्वामियों पर भारी जुर्माना और सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि पूरे नोएडा में एक कड़ा संदेश जाए। एसोसिएशन ने उम्मीद जताई है कि प्राधिकरण जनस्वास्थ्य और निवासियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बिना किसी देरी के इस दिशा में निर्णायक और ठोस कदम उठाएगा।



