हरिनाम संकीर्तन से गुंजायमान हुआ सेक्टर-105: इस्कॉन मंदिर द्वारा निकली भव्य प्रभात फेरी
नोएडा। श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन एवं अति-पवित्र अवसर के उपलक्ष्य में इस्कॉन मंदिर, नोएडा द्वारा सेक्टर-105 के प्रांगण में एक अत्यंत भव्य, अलौकिक और भक्तिमय ‘प्रभात फेरी’ का दिव्यातिदिव्य आयोजन किया गया। प्रभात फेरी के दौरान ‘हरे कृष्ण हरे राम’ के महामंत्र संकीर्तन, मृदंग की मधुर थाप और मंजीरों की दिव्य झंकार से पूरा क्षेत्र कृष्णमयी होकर हरि-भक्ति के अनूठे रस में सराबोर हो उठा। इस दौरान श्रद्धालुओं के जयकारों से संपूर्ण वातावरण में अलौकिक आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हो गया।
प्रभात फेरी के आगमन पर सेक्टर-105 के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय के आवास पर इस्कॉन मंदिर से पधारे परम पूज्य संतों एवं सैकड़ों श्रद्धालुओं का अति-आत्मीय, भव्य और भावुक स्वागत किया गया। द्वार पर पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और आरती उतारकर संतों की अगवानी की गी।
इस पावन घड़ी में इस्कॉन के वरिष्ठ संतों ने भगवान श्री राधा-गोविंददेव जी के चरणों में विशेष प्रार्थना करते हुए आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय, उनके परिजनों तथा सेक्टर-105 के प्रत्येक निवासी के जीवन में सुख-समृद्धि, निरोगी काया, परम शांति एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए अपना दिव्य आशीर्वाद एवं मंगलकामनाएं प्रदान कीं।
इस्कॉन मंदिर के पूज्य संतों ने आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय के माध्यम से समस्त सेक्टर-105 वासियों को आगामी 4 सितंबर को इस्कॉन मंदिर, नोएडा में आयोजित होने वाले विराट एवं अभूतपूर्व ‘श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव’ में सपरिवार एवं इष्ट-मित्रों सहित सम्मिलित होने का स्नेहपूर्ण निमंत्रण सौंपा। संतों ने जानकारी दी कि जन्माष्टमी के इस पावन पर्व पर प्रातः 4:30 बजे से ही मंगला आरती के साथ अलौकिक धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजनों की अविरल धारा प्रवाहित होने लगेगी।
इस अद्भुत और भक्तिमय क्षणों पर अपने उद्गार व्यक्त करते हुए आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने संतों का कोटि-कोटि आभार प्रकट किया और कहा कि हमारे संपूर्ण सेक्टर के लिए यह अत्यंत सौभाग्य और गौरव का क्षण है कि इस्कॉन मंदिर के महान संतों के पावन चरण हमारे घर और सेक्टर की धरा पर पड़े हैं। संतों का यह मंगल आशीर्वाद और हरिनाम संकीर्तन का यह पावन सुर हम सभी के जीवन में कल्याण, शांति और नई चेतना का संचार करेगा।
इस पावन अवसर पर सेक्टर-105 के अनेक गणमान्य नागरिक, आरडब्ल्यूए के सम्मानित पदाधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं, बुजुर्ग व युवा उपस्थित रहे। सभी ने संकीर्तन की धुन पर झूमते हुए प्रभु श्री कृष्ण की भक्ति का असीम आनंद उठाया।



