चैलेंजर्स ग्रुप ने मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस।
नोएडा llस्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चैलेंजर्स ग्रुप द्वारा संचालित सभी निःशुल्क शिक्षा केंद्र ‘चैलेंजर्स की पाठशाला’ में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। यह आयोजन नोएडा के गांव चौड़ा, सलारपुर, खोड़ा एवं हैबतपुर स्थित शिक्षा केंद्रों पर आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व, देश की आज़ादी के लिए स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष एवं राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के बारे में जानकारी दी गई। बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों, गीत, नृत्य एवं अन्य गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर चैलेंजर्स ग्रुप के अध्यक्ष प्रिंस शर्मा ने कहा, “स्वतंत्रता दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करने का दिन है, जिन्होंने हमें आज़ादी दिलाने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। हमारा प्रयास है कि चैलेंजर्स की पाठशाला के माध्यम से बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ देशप्रेम, जिम्मेदारी और अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता भी प्रदान की जाए।”
उन्होंने कहा कि देश का भविष्य आज के बच्चों के हाथों में है और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं सही संस्कार देकर एक सशक्त और जिम्मेदार नागरिक बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने तिरंगे के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए देश की एकता, अखंडता और प्रगति में अपना योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन बच्चों को मिठाई वितरण एवं स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाओं के साथ हुआ। इस दौरान गुड़िया, सरिता, मंगल, अंजलि, राज आदि मौजूद रहे।



