श्रमिक आंदोलन में आगजनी व तोड़फोड़ पर NCF की अध्यक्ष शालिनी सिंह ने की सख्त कार्यवाही की मांग
नोएडा llनौएडा में श्रमिकों के प्रदर्शन के दौरान हुई सामूहिक हिंसा और आगजनी की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए नौएडा सिटीजन फोरम की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह ने नौएडा के विधायक पंकज सिंह को पत्र भेजकर श्रमिक आंदोलन की आड़ में शामिल हुए अराजक तत्वों/ दोषियों को चिन्हित कर उनपर तत्काल कार्यवाही के लिए कहा है। पत्र में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं सांसद गौतमबुद्ध नगर से भी आवश्यक कार्यवाही हेतु अनुरोध किया गया है।
एन.सी.एफ. की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह ने कहा कि ऐसी घटनाएं किसी भी सभ्य समाज को ना केवल दहशत में डालती हैं बल्कि जन सामान्य के मन मस्तिष्क में भी सरकार की कार्यशैली की खराब छवि को उकेरने का काम करती हैं।
नौएडा में इस प्रकार की हिंसक घटनाएं घटित होना बहुत ही अनुचित है तथा क्षेत्रीय पुलिस प्रशासन की बड़ी विफलता है कि इतनी बड़ी हिंसक घटना घटित हो गई और स्थानीय पुलिस प्रशासन को खबर ही नहीं लग सकी, क्या नौएडा में स्थानीय सतर्कता यूनिट गठित नहीं है या पुलिस का गुप्तचर विभाग निकम्मा हो चला है यह प्रश्न उठना जायज है।
नौएडा सिटीजन फोरम मांग करता है कि भविष्य में इस प्रकार की हिंसक व समाज में दहशत पैदा करने वाली घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने पर स्थानीय पुलिस प्रशासन को ‘ठोस नीति’ बनाने हेतु उन्हें नौएडा के विधायक द्वारा निर्देशित किया जाना चाहिए तथा नौएडा के नागरिकों को सार्वजनिक तौर पर अवगत व आश्वस्त भी कराया जाना चाहिए़ कि भविष्य में इस प्रकार की दहशतगर्दी से नौएडावासियों को सुरक्षित रखा जायेगा।
नौएडा आज अपनी एक वैश्विक पहचान बना चुका है। अभी कुछ दिन पहले ही “नौएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट” का भारत के प्रधानमंत्री ने स्वयं आकर उद्घाटन किया है, ऐसे में इस प्रकार की घटनाएं न केवल कानून-व्यवस्था पर बड़ा प्रश्नचिन्ह लगाती हैं बल्कि नौएडा की सकारात्मक छवि को भी प्रभावित करती हैं।
नौएडा सिटीजन फोरम व्यापक जनहित में नौएडा के विधायक पंकज सिंह से मांग करता है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही, दोषियों के खिलाफ भी सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कराए जाने का नौएडा के नागरिकों को भरोसा दिलाया जाये।
इसके अतिरिक्त, मानवीय आधार पर फोरम यह भी अनुरोध करता है कि *श्रमिकों की जायज मांगों और उनके हितों पर गंभीरता से विचार किए जाने को भी प्राथमिकता पर लिया जाना चाहिए,* ताकि भविष्य में इस प्रकार की अराजकतापूर्ण स्थिति उत्पन्न न हो।
शालिनी सिंह ने नौएडा विधायक पंकज सिंह से निवेदन किया है कि वो पुलिस एवं प्रशासन से तत्काल इस घटना की रिपोर्ट तलब कर अन्य आवश्यक कार्यवाही भी अमल में लायें।



