नोएडा में गूंजे कन्हैया मित्तल के भजन, श्री हनुमान जन्मोत्सव पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब
नोएडा: सेक्टर 74 स्थित ‘ओमाया बैंक्वेट’ में ‘श्री हनुमान सेवा मित्र मंडल’ द्वारा आयोजित 22वां भव्य श्री हनुमान जन्मोत्सव एवं संकीर्तन महोत्सव पूरी श्रद्धा और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूरा वातावरण ‘जय श्री राम’ और ‘जय हनुमान’ के उद्घोष से गुंजायमान रहा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सुप्रसिद्ध भजन सम्राट कन्हैया मित्तल रहे, जिन्होंने अपनी सुमुख्य प्रस्तुतियों से भक्तों को भाव विभोर कर दिया। उनके साथ गौरव दत्त, दीपक सरगम और शंकर अनुरागी ने भी भजनों की अमृत वर्षा की जिससे पूरा पांडाल भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया वहीं दिग्गज नेताओं की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

संस्थापक प्रधान अमित गुप्ता और चेयरमैन विजय अग्रवाल के नेतृत्व में पूरी टीम ने अतिथियों का स्वागत किया। मीडिया प्रभारी संजय गुप्ता ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने में मंडल के पदाधिकारियों के साथ साथ नारी शक्ति ने भी आयोजन व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई।

आए हुए लगभग 2500 भक्तों हेतु विशाल भंडारे की व्यवस्था की गई साथ ही आपातकालीन स्थिति के लिए डॉक्टर्स की टीम का भी विशेष प्रबंध रहा। देर रात तक चले इस संकीर्तन में हजारों की संख्या में श्रद्धालु हनुमान जी का आशीर्वाद लेने पहुंचे।



