उत्तर प्रदेशधर्म कर्म

श्री सूर्यदेव पूजा समिति,सेक्टर-75,नोएडा द्वारा छठ पूजा महोत्सव–2026 का होगा भव्य आयोजन

नोएडा।श्री सूर्यदेव पूजा समिति,सेक्टर-75,नोएडा के तत्वावधान में लोक आस्था,श्रद्धा एवं सूर्योपासना के महापर्व श्री छठ पूजा महोत्सव–2026 का भव्य एवं दिव्य आयोजन 13 से 16 नवंबर 2026 तक किया जाएगा।इस अवसर पर गोल्फ सिटी प्लॉट-8 एवं पंचशील प्रतिष्ठा सोसाइटी के बीच स्थित सेंट्रल पार्क,सेक्टर-75,नोएडा में श्रद्धालु भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया की पूजा-अर्चना कर परिवार तथा समाज की सुख-शांति,आरोग्य एवं समृद्धि की कामना करेंगे।

समिति के अध्यक्ष डॉ॰मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति एवं लोक आस्था का एक अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है।यह पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता,स्वच्छता,पवित्रता,अनुशासन,त्याग एवं समर्पण का संदेश देता है।छठव्रती पूर्ण श्रद्धा एवं निष्ठा के साथ कठिन व्रत रखकर भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करते हैं तथा छठी मैया से परिवार एवं समाज के कल्याण की प्रार्थना करते हैं।

समिति द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार,शुक्रवार,13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ महापर्व का शुभारंभ होगा।शनिवार,14 नवंबर को खरना एवं लोहंडा का आयोजन होगा। इस दिन खरना की पूजा एवं प्रसाद ग्रहण करने के पश्चात व्रती लगभग 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प निभाएँगे।रविवार,15 नवंबर को सायंकाल छठ घाट पर अस्ताचलगामी भगवान सूर्यदेव को प्रथम अर्घ्य अर्पित किया जाएगा।इस अवसर पर श्रद्धालु पारंपरिक छठ गीतों एवं भक्ति-भाव के साथ पूजा-अर्चना करेंगे।सोमवार,16 नवंबर को प्रातःकाल उदीयमान भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा।इसके पश्चात व्रती पारण करके चार दिवसीय छठ पूजा व्रत का समापन करेंगे।

डॉ॰मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर,सुविधाजनक एवं व्यवस्थित पूजा व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेक्टर-75 स्थित सेंट्रल पार्क के छठ घाट का पुनर्निर्माण कराया जा रहा है।पुनर्निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है और इसे छठ पूजा महोत्सव से पूर्व पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।इससे व्रतियों को भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने में बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य धार्मिक आयोजन के साथ-साथ सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव एवं सांस्कृतिक परंपराओं को सुदृढ़ करना भी है। छठ महापर्व समाज के सभी वर्गों को आस्था और भक्ति के सूत्र में जोड़ता है तथा नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से परिचित कराने का अवसर प्रदान करता है।

श्री सूर्यदेव पूजा समिति नोएडा के अध्यक्ष डा॰मुन्ना कुमार शर्मा ने नोएडा एवं आसपास के क्षेत्रों के समस्त श्रद्धालुओं,छठव्रतियों,माताओं-बहनों तथा क्षेत्र के निवासियों से अपील की है कि वे सपरिवार श्री छठ पूजा महोत्सव–2026 में सम्मिलित होकर भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया का आशीर्वाद प्राप्त करें तथा इस पावन पर्व को श्रद्धा,भक्ति,उत्साह एवं सामाजिक सौहार्द के साथ मनाएँ।डॉ॰शर्मा ने समस्त श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए प्रार्थना की कि भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया सभी के जीवन में सुख,शांति,आरोग्य,समृद्धि एवं खुशहाली प्रदान करें

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button