नोएडा में श्रमिकों के आक्रोश के बीच शालिनी सिंह ने ग्राम हरौला में पहुंचकर जानी जमीनी हकीकत
नोएडा llनोएडा में चल रहे श्रमिकों के आक्रोशित प्रदर्शन के बीच सामाजिक कार्यकर्ता शालिनी सिंह ने ग्राम हरौला पहुंचकर कंपनी में कार्यरत श्रमिकों, विशेषकर महिला श्रमिकों, से उनके घरों पर जाकर मुलाकात की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। दस कमरों में दस परिवार और एक बाथरूम और उनकी रहने की व्यवस्था देख शालिनी सिंह ने कहा कि अभी देश को इस आर्थिक स्थिति से आज़ाद कराना है। इस दौरान महिला श्रमिकों ने बताया कि उन्हें उनके नाम पर जारी की जाने वाली सैलरी, पीएफ एवं ईएसआईसी कटौती की सही जानकारी तक नहीं दी जाती। ठेकेदारी प्रथा ने झकझोर के रखा है उन्हें। उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में दो दिन चली हड़ताल के दौरान, जब वे अपनी सुरक्षा के चलते घरों में थीं, तब भी उनका वेतन काट लिया गया, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। श्रमिकों ने आरोप लगाया कि उन्हें ओवरटाइम का उचित भुगतान नहीं मिलता और जरूरत पड़ने पर छुट्टी भी नहीं दी जाती। बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित होने पर दोहरी कटौती की जाती है, जिससे उनका आर्थिक शोषण हो रहा है। महंगाई के इस दौर में जहां गैस सिलेंडर की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं और बच्चों की स्कूल फीस भी बढ़ती जा रही है, वहीं पिछले 9-10 वर्षों में उनकी सैलरी में मात्र 1000 से 1500 रुपये तक की ही वृद्धि की गई है, जिससे परिवार का भरण-पोषण करना बेहद कठिन हो गया है। इसके अलावा श्रमिकों ने कंपनी की कैंटीन में निम्न गुणवत्ता का भोजन मिलने, कार्यस्थल तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी पैदल तय करने की मजबूरी, तथा बीमार होने पर भी छुट्टी न मिलने जैसी गंभीर समस्याओं को भी साझा किया।
शालिनी सिंह ने इस स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह श्रमिकों के अधिकारों का स्पष्ट उल्लंघन है। उन्होंने प्रशासन एवं संबंधित कंपनियों से मांग की कि श्रमिकों की समस्याओं का तत्काल संज्ञान लेकर उचित समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी श्रमिकों से शांति पूर्वक अपनी आवाज़ उठाने का आग्रह किया। इस दौरे पर युवा क्रांति सेना के अध्यक्ष अविनाश सिंह, अर्जुन प्रजापति, आकाश शर्मा और ग्रामवासी साथ रहे।



