आईएमएस लॉ कॉलेज में वकालत एवं मूट कोर्ट कौशल पर कार्यशाला आयोजित
नोएडा। सेक्टर-62 स्थित आईएमएस लॉ कॉलेज, नोएडा में मूट कोर्ट सोसायटी की ओर से ‘मूटिंग एक्सीलेंस: एडवोकेसी’ विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता आर्यन गुप्ता ने विधि विद्यार्थियों को मूट कोर्ट प्रतियोगिताओं और प्रभावी वकालत के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।

कार्यशाला के दौरान आर्यन गुप्ता ने विद्यार्थियों को मूट समस्या को सही तरीके से समझने, कानूनी शोध करने, लिखित तर्क तैयार करने, मौखिक वकालत और न्यायालयीन शिष्टाचार के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने न्यायाधीशों के समक्ष प्रभावी ढंग से तर्क प्रस्तुत करने की तकनीकों पर भी व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ अपने विचार रखने तथा अधिक से अधिक मूट कोर्ट प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
विभागाध्यक्ष डॉ. अंजुम हसन ने कहा कि मूट कोर्ट विद्यार्थियों को कानून की सैद्धांतिक जानकारी को व्यावहारिक रूप से समझने का अवसर प्रदान करता है। इससे विद्यार्थियों में कानूनी शोध, तार्किक सोच, प्रभावी संचार और आत्मविश्वास जैसे महत्वपूर्ण कौशल विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि आईएमएस लॉ कॉलेज विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
मूट कोर्ट सोसायटी के संयोजक व्यास कुमार यादव ने कहा कि मूट कोर्ट केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को भविष्य के अधिवक्ता के रूप में तैयार करने का प्रभावी माध्यम है। कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को कानूनी शोध, लिखित एवं मौखिक तर्क और न्यायालय में प्रभावी प्रस्तुतीकरण की बारीकियों को समझने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि सोसायटी का उद्देश्य विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की मूट कोर्ट प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना और उनमें वकालत के प्रति रुचि एवं आत्मविश्वास विकसित करना है।
कार्यशाला में विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए मुख्य वक्ता से विभिन्न प्रश्न पूछे और अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन किया गया और राष्ट्रगान के साथ कार्यशाला का समापन हुआ।



