सेक्टर 34 में साइबर अपराध जागरूकता अभियान का सफल आयोजन
नोएडा llबढ़ते डिजिटल फ्रॉड और ऑनलाइन घोटालों को देखते हुए फेडरेशन ऑफ़ आरडब्ल्यूए सेक्टर 34 द्वारा नोएडा पुलिस के सहयोग से कम्युनिटी सेंटर में एक विशेष ‘साइबर अपराध जागरूकता अभियान’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में साइबर थाना प्रभारी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।

सत्र के दौरान साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह राणा ने सेक्टर निवासियों को ऑनलाइन बैंक फ्रॉड, यूपीआई (UPI) स्कैम, और फर्जी कॉल/मैसेज से सुरक्षित रहने के व्यावहारिक तरीके बताए। उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट्स को हैक होने से बचाने के लिए टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2-Factor Authentication) लगाने और किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने की सलाह दी,विशेष तौर पर APK लिंक पर क्लिक ना करने के लिए जानकारी दी ।
फेडरेशन आरडब्ल्यूए सेक्टर 34 के अध्यक्ष के के जैन और महासचिव धर्मेंद्र शर्मा ने इस पहल के महत्व पर जोर देते हुए कहा, “आजकल जिस तरह से साइबर अपराधी नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं, उसे देखते हुए हमारी सतर्कता ही हमारा सबसे बड़ा बचाव है। आरडब्ल्यूए भविष्य में भी निवासियों की सुरक्षा के लिए इस तरह के जानकारीपूर्ण सत्र आयोजित करती रहेगी।”
साइबर थाना प्रभारी विजय सिंह राणा ने निवासियों को आश्वस्त किया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर फ्रॉड का शिकार हो जाता है, तो उसे घबराने के बजाय तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करना चाहिए या गृह मंत्रालय के आधिकारिक पोर्टल cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज करानी चाहिए। उन्होंने बताया कि वित्तीय फ्रॉड के मामलों में शुरुआती कुछ घंटे (गोल्डन आवर्स) बेहद महत्वपूर्ण होते हैं, जिसमें त्वरित शिकायत से पैसे वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से आरडब्ल्यूए अध्यक्ष के के जैन महासचिव धर्मेन्द्र शर्मा उपाध्यक्ष कुलदीप मुंशी कोषाध्यक्ष एम सी भारद्वाज देवेन्द्र वत्स संजीव महतो अविनाश कुमार संतराज सिंह जितेंद्र कुमार पुलिस प्रशासन से साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह राणा चौकी प्रभारी विकाश राणा, उपनिरीक्षक समयपाल सिंह उप निरीक्षक मनोज कुमार उपस्थित रहे ।



