उद्योग विहार में साइबर क्राइम जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन, बड़ी संख्या में लोगों ने लिया लाभ
नोएडा, सेक्टर-82 उद्योग विहार, सेक्टर-82, नोएडा में रविवार को पुलिस प्रशासन के सहयोग से साइबर क्राइम जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन RWA अध्यक्ष मयंक चौहान, उपाध्यक्ष रंजीत मिश्रा एवं महासचिव रंजन कुमार के नेतृत्व में गेट नंबर-2 पर किया गया।

कार्यक्रम मे साइबर क्राइम थाना, सेक्टर-36, नोएडा के इंस्पेक्टर विनोद कुमार यादव ने उपस्थित लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के विभिन्न तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आजकल साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। साइबर अपराधी फर्जी कॉल, ओटीपी, ऑनलाइन ठगी, बैंकिंग धोखाधड़ी और अन्य डिजिटल माध्यमों से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक और महिलाओं को भी निशाना बनाया जा रहा है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को सतर्क और जागरूक रहना बेहद जरूरी है।
इंस्पेक्टर विनोद कुमार यादव ने लोगों को समझाया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या निजी विवरण साझा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
कार्यक्रम में सोसाइटी के निवासियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों का लाभ उठाया। उपस्थित लोगों ने पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना की।
RWA अध्यक्ष मयंक चौहान ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की सुरक्षा के लिए इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम बेहद आवश्यक हैं। हमारा प्रयास है कि उद्योग विहार का प्रत्येक निवासी जागरूक, सुरक्षित और साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहे। इस अवसर पर RWA टीम एवं बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।



