वाईएसएस फाउंडेशन सहित सहयोगी संस्थाओं ने सेक्टर-18 में चलाया विशेष स्वच्छता अभियान
Noida llस्वच्छता ही सेवा–2026 अभियान के अंतर्गत इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के रिफाइनरी मुख्यालय द्वारा सेक्टर-18, नोएडा में विशेष स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान में वाईएसएस फाउंडेशन, चेंज मेकर क्लब, एमिटी विश्वविद्यालय सहित विभिन्न सहयोगी संस्थाओं और स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी की।

कार्यक्रम में 500 से अधिक नागरिकों एवं स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। अभियान का प्रमुख आकर्षण 30 मिनट का विशेष स्वच्छता अभियान रहा, जिसमें सामूहिक प्रयास से 1.6 टन से अधिक कचरा एकत्रित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता शपथ, नुक्कड़ नाटक, कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूकता और जागरूकता पदयात्रा के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंदु प्रकाश सिंह, विशेष कार्याधिकारी, नोएडा प्राधिकरण ने नागरिकों से स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाने और जनभागीदारी को मजबूत करने का आह्वान किया। वाईएसएस फाउंडेशन की टीम ने प्रतिभागियों के समन्वय, स्वयंसेवक प्रबंधन, स्वच्छता गतिविधियों, कचरा संग्रहण और जन-जागरूकता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अभियान ने यह संदेश दिया कि सरकारी संस्थाओं, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से स्वच्छता को निरंतर जनआंदोलन बनाया जा सकता है।
अभियान का प्रभाव :-
500+ प्रतिभागी | 1.6 टन+ कचरा संग्रह | 30 मिनट का स्वच्छता अभियान | स्वच्छता शपथ | नुक्कड़ नाटक | जागरूकता पदयात्रा
मुख्य संदेश:“सहयोग, सहभागिता और सामूहिक जिम्मेदारी से स्वच्छ भारत और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करें।”
सहयोगी संस्थाएँ: इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड | नोएडा प्राधिकरण | वाईएसएस फाउंडेशन | चेंज मेकर क्लब | एमिटी विश्वविद्यालय



