उत्तर प्रदेशराजनीति

बड़ी कंपनियों की तर्ज पर किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों और आम जनता का भी 95 प्रतिशत तक कर्ज माफ करे सरकार – डॉक्टर आश्रय गुप्ता

नोएडा, समाजवादी पार्टी नोएडा महानगर संगठन द्वारा सेक्टर-29 स्थित नोएडा मीडिया क्लब में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष एवं भारत सरकार में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री श्री पंकज चौधरी से मांग की गई कि जिस प्रकार वर्तमान सरकार के कार्यकाल में बड़ी-बड़ी कंपनियों और उद्योगपतियों के हजारों करोड़ रुपये के कर्ज का एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी (ARC) के माध्यम से भारी छूट देकर निपटारा किया जा रहा है, उसी तर्ज पर देश के किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों, महिलाओं, बेरोजगार युवाओं, छात्रों और मध्यम वर्गीय परिवारों को भी उनके कर्ज में 95 प्रतिशत तक की राहत दी जाए।

महानगर अध्यक्ष डॉक्टर आश्रय गुप्ता ने कहा कि उदाहरण के तौर पर JKM Infra Projects Limited के लगभग 1,537.60 करोड़ रुपये के कर्ज का कथित तौर पर मात्र 73.50 करोड़ रुपये में, लगभग 57 दिनों के भीतर ARC के माध्यम से निपटारा किया गया। इस प्रकार मूल कर्ज की तुलना में लगभग 95 प्रतिशत की राहत दी गई। जब बड़ी-बड़ी कंपनियों को इतनी बड़ी राहत दी जा सकती है, तो आर्थिक तंगी से जूझ रहे आम नागरिकों, किसानों और छोटे कारोबारियों को ऐसी राहत क्यों नहीं मिल सकती?

महानगर अध्यक्ष डॉक्टर आश्रय गुप्ता ने कहा कि बड़े उद्योगपतियों के हजारों करोड़ रुपये के कर्ज का समझौते के माध्यम से निपटारा किया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ यदि कोई गरीब किसान या छोटा व्यापारी बैंक का कर्ज चुकाने में असमर्थ हो जाता है और उसका खाता NPA घोषित हो जाता है, तो उसकी जमीन, मकान और अन्य संपत्तियों को कुर्क करने की कार्रवाई की जाती है। कई मामलों में कर्ज वसूली के नाम पर पीड़ित परिवारों को मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित होना पड़ता है।

गौतमबुद्ध नगर सहित पूरे उत्तर प्रदेश में ऐसे अनेक परिवार हैं, जो कर्ज के भारी बोझ के कारण गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। कई मामलों में कर्ज से परेशान होकर लोगों के आत्महत्या जैसे कदम उठाने की घटनाएं भी सामने आई हैं। दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि कुछ मामलों में मृतक किसानों के परिवारों से भी कर्ज की वसूली का दबाव बनाया जा रहा है। यह बेहद संवेदनशील और चिंताजनक विषय है, जिस पर सरकार को मानवीय दृष्टिकोण अपनाना चाहिए।

नोएडा के 9.5 लाख लोगों पर 60 हजार करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज :-नोएडा में लगभग 9.5 लाख लोगों पर 60 हजार करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज है। इनमें बड़ी संख्या उन मध्यम वर्गीय परिवारों की है, जिन्होंने अपने जीवनभर की कमाई और भविष्य की बचत को दांव पर लगाकर फ्लैट एवं मकान खरीदने के लिए बैंक से ऋण लिया है। आर्थिक परिस्थितियां बिगड़ने पर ऐसे परिवारों के सामने किस्तें चुकाने और अपने घर को बचाने का गंभीर संकट खड़ा हो जाता है।

समाजवादी पार्टी नोएडा महानगर ने मांग की कि किसानों के कृषि ऋण, मजदूरों के कर्ज, छोटे व्यापारियों के व्यावसायिक ऋण, महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों के ऋण, बेरोजगार युवाओं के मुद्रा लोन, छात्रों के एजुकेशन लोन तथा आर्थिक तंगी से जूझ रहे मध्यम वर्गीय परिवारों के होम लोन के लिए एक विशेष राहत योजना बनाई जाए। इसके तहत पात्र जरूरतमंद लोगों को बड़ी कंपनियों की तर्ज पर कर्ज में 95 प्रतिशत तक की राहत देने की व्यवस्था की जाए।

महानगर अध्यक्ष डॉ आश्रय गुप्ता ने कहा कि कर्ज राहत का अधिकार केवल बड़े उद्योगपतियों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को अपने श्रम, मेहनत और योगदान से चलाने वाले किसान, मजदूर, छोटे व्यापारी और आम नागरिक भी सम्मानपूर्वक जीवन जीने के हकदार हैं।

समाजवादी पार्टी नोएडा महानगर की मांग है कि सरकार तत्काल इस विषय पर ठोस नीति बनाकर आम जनता को आर्थिक राहत प्रदान करे।

आज के प्रेस वार्ता में मौजूद मुख्य लोगों में :-महानगर अध्यक्ष डॉ आश्रय गुप्ता, महासचिव विकास यादव, विधानसभा अध्यक्ष बबलू चौहान, उपाध्यक्ष व मीडिया प्रभारी गौरव कुमार यादव, प्रदेश सचिव अमित भाटी, बबली शर्मा, उदय सिंह, राणा मुखर्जी ,लोकेश यादव, कैलाश यादव, राहुल यादव मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button