धर्म कर्मराज्य - शहर

यमुना तट पर आस्था का महासंगम, देव दीपावली 2.0 में गूंजेंगे बनारस घराने के भजन

नोएडा। भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से वाईएसएस फाउंडेशन द्वारा 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर यमुना तट स्थित युवा शक्ति घाट, सेक्टर-94, नोएडा में देव दीपावली 2.0 – यमुना दीपोत्सव एवं भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 5 बजे से प्रारंभ होगा।

आयोजन के अंतर्गत प्रसिद्ध वेदाचार्य शुभम मिश्रा द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से मां यमुना का पूजन कराया जाएगा। इसके पश्चात पितरों के निमित्त सामूहिक दीपदान एवं भव्य मां यमुना महाआरती होगी। समारोह का विशेष आकर्षण बनारस घराने के प्रसिद्ध युगल गायक सुमित मिश्रा एवं अर्पणा मिश्रा की भजन संध्या होगी। कार्यक्रम का संचालन नोएडा के लोकप्रिय समाजसेवी अशोक श्रीवास्तव करेंगे।

कार्यक्रम की तैयारियों एवं जनसंपर्क अभियान के तहत एकता एनजीओ ग्रुप, नोएडा के दीपावली मिलन समारोह में देव दीपावली 2.0 के आयोजन पोस्टर का विमोचन किया गया। इसके अतिरिक्त गौतम बुद्ध नगर कलेक्ट्रेट में भी आयोजन का आमंत्रण साझा किया गया।

इस आयोजन में गौतम बुद्ध नगर जिला प्रशासन एवं नोएडा प्राधिकरण का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है। भारत विकास परिषद एवं नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन मुख्य सहयोगी हैं। वहीं लायंस क्लब दिल्ली वेज, स्माइल इंडिया ट्रस्ट, श्री शक्ति एजुकेशनल एंड सोशल वेलफेयर सोसाइटी, गौरी शिक्षा फाउंडेशन, नोएडा सिटिजन फोरम, एक्टिव एनजीओ ग्रुप एवं बालाजी जन सेवा कल्याण ट्रस्ट विशिष्ट सहयोगी के रूप में जुड़े हैं।

वाईएसएस फाउंडेशन के संस्थापक एवं निदेशक सचिन गुप्ता ने कहा कि मां यमुना हमारी आस्था, संस्कृति और जीवन का आधार हैं। देव दीपावली का यह आयोजन धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ समाज को नदी संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति मां यमुना के नाम एक दीप प्रज्वलित करने के साथ यमुना को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने का संकल्प भी ले।

उन्होंने नोएडा, ग्रेटर नोएडा एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और श्रद्धालुओं से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button