बिसरख पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मोबाइल स्नैचिंग गिरोह के 3 आरोपी गिरफ्तार, 5 मोबाइल व दो तमंचे बरामद
बिसरख । थाना बिसरख पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से मोबाइल फोन/चेन स्नैचिंग और लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 छीने हुए मोबाइल फोन, जिनमें आईफोन-18 प्रो भी शामिल है, दो अवैध तमंचे व दो जिंदा कारतूस, 2,500 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलमान उर्फ सुहैल, अजाज उर्फ अज्जू उर्फ सोनू और नईम के रूप में हुई है। आरोपियों को 6 प्रतिशत एरिया पार्क के पास से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सुनसान रास्तों पर राहगीरों और ई-रिक्शा में बैठे लोगों को निशाना बनाते थे। मौका मिलते ही मोबाइल फोन छीनकर मोटरसाइकिल से फरार हो जाते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी छीने गए मोबाइल नईम को बेचते थे, जो उन्हें दूसरे राज्यों में सप्लाई करता था।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने चैरीकाउंटी सोसाइटी के पास 21 सितंबर 2026 को एक महिला से आईफोन-18 प्रो मोबाइल फोन छीना था। मामले में थाना बिसरख में विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी नईम के खिलाफ गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



