उत्तर प्रदेशराज्य - शहर

स्वच्छता ही सेवा–2026 के तहत युवा शक्ति घाट पर वृहद स्वच्छता अभियान

नोएडाl। वाईएसएस फाउंडेशन द्वारा इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के रिफाइनरी मुख्यालय के सहयोग से स्वच्छता ही सेवा–2026 के अंतर्गत युवा शक्ति घाट, सेक्टर-94, नोएडा में वृहद स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान में 500 से अधिक युवाओं, विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

स्वच्छता शपथ के साथ शुरू हुआ अभियान:-कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता शपथ के साथ हुई। इसके पश्चात प्रतिभागियों ने युवा शक्ति घाट तथा आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान चलाया। अभियान के दौरान 12 हजार किलोग्राम से अधिक कूड़ा-कचरा, प्लास्टिक, पॉलीथिन एवं अन्य अपशिष्ट एकत्रित किया गया।

वाईएसएस फाउंडेशन ने अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया कि नदी घाटों, सार्वजनिक स्थलों और पर्यावरण की स्वच्छता केवल किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।

यमुना संरक्षण और जनभागीदारी पर वाईएसएस फाउंडेशन का विशेष जोर

वाईएसएस फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री सचिन गुप्ता ने अपनी टीम एवं स्वयंसेवकों के साथ अभियान में सक्रिय सहभागिता की। उन्होंने कहा कि “स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की निरंतर सामाजिक जिम्मेदारी है। यमुना और हमारे सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए जनभागीदारी को निरंतर बढ़ाना होगा। युवाओं, नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं, कॉर्पोरेट क्षेत्र और प्रशासन की सामूहिक भागीदारी से ही स्थायी परिवर्तन संभव है।”

वाईएसएस फाउंडेशन लंबे समय से यमुना संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी आधारित स्वच्छता अभियानों के माध्यम से कार्य कर रहा है। संस्था द्वारा अब तक 230 से अधिक यमुना एवं पर्यावरण स्वच्छता अभियानों के माध्यम से युवाओं, स्वयंसेवकों और नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा गया है।

“स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” का संदेश स्वच्छता ही सेवा–2026 की थीम “स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” के अनुरूप अभियान के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक कचरे में कमी तथा सार्वजनिक स्थलों के प्रति नागरिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में इंडियन ऑयल के वरिष्ठ अधिकारी श्री अमित कुमार बिमल, सुश्री असामे गोगोई एवं श्री अपूर्व व्यास ने सहभागिता की। नोएडा प्राधिकरण की ओर से श्री इंदु प्रकाश सिंह, विशेष कार्याधिकारी ने भी अभियान में सक्रिय भागीदारी की।

शालिनी सिंह की प्रेरणादायक सहभागिता -कार्यक्रम में नोएडा सिटीजन फोरम की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी सिंह ने पहुंचकर स्वयं स्वच्छता अभियान में सहभागिता की। उनकी सक्रिय भागीदारी ने युवाओं एवं स्वयंसेवकों को नागरिक जिम्मेदारी, सामाजिक सेवा और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया।

विभिन्न संस्थाओं, विद्यार्थियों और नागरिकों ने बढ़ाया अभियान का उत्साह-

अभियान में स्माइल इंडिया ट्रस्ट के श्री नागेंद्र सिंह एवं उनकी टीम, लायंस क्लब दिल्ली वेज के अध्यक्ष श्री अनुज अग्रवाल, फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष श्री पवन यादव, नोएडा फेडरेशन ऑफ अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन के महासचिव श्री सुभोजित दास गुप्ता, वाईएसएस फाउंडेशन के संरक्षक श्री एन.के. अग्रवाल, टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड के प्रतिनिधियों, एमिटी विश्वविद्यालय के समाज कल्याण विभाग से डॉ. प्रशांत चौहान एवं उनकी टीम, डीएवी विद्यालय के विद्यार्थियों तथा विभिन्न नागरिक समूहों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

भारतीय सेना के जवानों एवं यमुना टास्क फोर्स की सहभागिता ने भी स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्र सेवा के संदेश को और मजबूती प्रदान की।

स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का संकल्प

अभियान के अंत में सभी प्रतिभागियों ने सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, प्लास्टिक एवं कचरे को कम करने तथा समाज के अन्य लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

वाईएसएस फाउंडेशन ने कहा कि युवाओं को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा से जोड़कर ही स्वच्छ, स्वस्थ एवं जागरूक समाज का निर्माण किया जा सकता है। युवा शक्ति घाट पर आयोजित यह अभियान इसी सामूहिक संकल्प और जनभागीदारी का प्रभावी उदाहरण बना।

“स्वच्छता में सहभाग — स्वच्छ भारत, विकसित भारत”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button