सेक्टर 105 के बाहर व ‘सेंट्रल आइकॉन’ से सटी भूमि पर अवैध डंपिंग से आरडब्ल्यूए चिंतित; प्रशासन से त्वरित व सख्त कार्रवाई की अपील
नोएडा। सेक्टर 105 के बाहर और ‘सेंट्रल आइकॉन’ (Central Icon) से लगती खाली जमीन पर खुलेआम हो रही अवैध कचरा एवं निर्माण मलबा (C&D Waste) डंपिंग को लेकर आरडब्ल्यूए सेक्टर 105 ने गहरी चिंता व्यक्त की है। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने नोएडा प्राधिकरण के उच्चाधिकारियों और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से इस गंभीर मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर नियमों के अनुरूप त्वरित एवं उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

दिव्य कृष्णात्रेय ने बताया कि सेक्टर 105 के बाहर ‘NOIDA’ लिखे एक वाहन के माध्यम से लगातार अवैध रूप से कचरा फेंका जा रहा है। इसके अतिरिक्त, सेक्टर के बाहर और ‘सेंट्रल आइकॉन’ से सटी भूमि एक अनधिकृत डंपिंग यार्ड में बदल गई है, जहाँ निर्माणाधीन ‘सेंट्रल आइकॉन’ मॉल द्वारा भी नियमित रूप से निर्माण एवं विध्वंस मलबा डंप कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह अत्यंत खेदजनक है कि इस विषय पर पूर्व में समाचार पत्रों में प्रमुखता से खबरें प्रकाशित होने और संबंधित अधिकारियों को अवगत कराए जाने के बावजूद अवैध डंपिंग का यह सिलसिला थम नहीं रहा है।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने कहा कि एक ओर आरडब्ल्यूए सेक्टर 105 और स्थानीय निवासी नोएडा प्राधिकरण के साथ मिलकर ‘स्वच्छ नोएडा’ और ‘आकर्षक नोएडा’ के साझा संकल्प को साकार करने में निरंतर प्रयासरत हैं, वहीं दूसरी ओर इस प्रकार बेरोकटोक कचरा व मलबा डाले जाने से शहर की स्वच्छता, सौंदर्य और प्रशासन के सराहनीय प्रयासों को गंभीर आघात पहुँच रहा है। इससे सेक्टरवासियों के स्वास्थ्य, स्थानीय पर्यावरण और वायु गुणवत्ता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, वहीं उड़ती धूल व गंदगी के कारण निवासियों को भारी असुविधा झेलनी पड़ रही है।
दिव्य कृष्णात्रेय ने पूर्ण विश्वास जताया कि नोएडा प्राधिकरण और प्रशासन के कुशल एवं संवेदनशील नेतृत्व में इस बार इस जनसमस्या को गंभीरता से लिया जाएगा।
उन्होंने मांग की कि अवैध रूप से कचरा डालने वाले वाहन तथा मलबे की डंपिंग में संलिप्त संबंधित पक्षों की पहचान कर नियमानुसार कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए, अनधिकृत डंपिंग यार्ड बन चुकी भूमि की शीघ्र सफाई कराई जाए और भविष्य में ऐसी गतिविधियों पर स्थायी रोक लगाने के लिए ठोस व्यवस्था की जाए।
अंत में दिव्य कृष्णात्रेय ने जनभागीदारी, नियमों के पालन और प्रशासनिक सहयोग के महत्व पर बल देते हुए अपील की कि सामूहिक प्रयासों और सख्त निगरानी से ही सेक्टर 105 सहित पूरे नोएडा को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाए रखा जा सकता है।



