खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, लुलु मॉल से लेकर ब्लिंकिट और रिलायंस स्टोर तक छापेमारी
ग्रेटर नोएडा/नोएडा। आम जनमानस को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने 19 नवंबर 2026 को जनपद में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की अलग-अलग टीमों ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कुल 11 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, विजय बहादुर पटेल, विशाल गुप्ता एवं रितु सक्सेना की टीम ने आईथेम मॉल, ग्रेटर नोएडा स्थित लुलु हाइपरमार्केट से नूडल्स के चार नमूने लिए। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज की टीम ने गेझा, सेक्टर-93 नोएडा स्थित रिलायंस रिटेल लिमिटेड से नूडल्स का एक नमूना संग्रहित किया।

इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह की टीम ने दनकौर, ग्रेटर नोएडा स्थित ब्लिंकिट स्टोर से नूडल्स के तीन नमूने लिए। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार एवं रविंद्र नाथ वर्मा की टीम ने परी चौक स्थित रबरीज स्वीट्स से गुलाब रसगुल्ला का एक नमूना तथा ग्रेटर नोएडा वेस्ट के केवी प्लाजा स्थित चौपाल रेस्टोरेंट से तैयार नूडल्स और रेड चिली गार्लिक सॉस के एक-एक नमूने लिए।
इस प्रकार खाद्य सुरक्षा विभाग की विभिन्न टीमों द्वारा कुल 11 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। अभियान के दौरान सभी खाद्य कारोबारियों को निर्देशित किया गया कि वे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का पालन करें। खाद्य सामग्री केवल लाइसेंसधारी अथवा पंजीकृत आपूर्तिकर्ताओं से ही खरीदें तथा खरीद का बिल अनिवार्य रूप से सुरक्षित रखें। इसके साथ ही खाद्य सामग्री प्राप्त करने और उपभोक्ताओं को बेचने से पहले निर्माण तिथि, बैच नंबर सहित अन्य आवश्यक विवरणों की जांच अवश्य करें।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि जनपद में आम लोगों के स्वास्थ्य और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इस प्रकार का छापेमारी एवं जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



