ऋषि चैरिटेबल ट्रस्ट की संस्थापक भारती नेगी को प्रतिष्ठित सम्मान, महिमा चौधरी ने किया सम्मानित

नई दिल्ली। समाजसेवा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रही ऋषि चैरिटेबल ट्रस्ट की संस्थापक भारती नेगी को बॉलीवुड अभिनेत्री महिमा चौधरी के हाथों प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया। पश्चिमी विहार स्थित मैपल गोल्ड (Maple Gold) रिसॉर्ट में आयोजित सम्मान समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
भारती नेगी लंबे समय से समाज के गरीब बच्चों, असहाय लोगों और महिलाओं के उत्थान एवं विकास के लिए कार्य कर रही हैं। ऋषि चैरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से वे सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और जरूरतमंदों की सहायता के क्षेत्र में उनका योगदान सराहनीय रहा है।
समाजसेवा के साथ-साथ भारती नेगी एक बेहतरीन कलाकार (Artist) भी हैं। सामाजिक कार्यों और कला के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान से सम्मानित किया गया।
सम्मान मिलने पर भारती नेगी ने कहा, “यह सम्मान मेरे लिए बेहद गर्व और खुशी का क्षण है। मैं इस सम्मान को ऋषि चैरिटेबल ट्रस्ट से जुड़े सभी सहयोगियों और उन लोगों को समर्पित करती हूं, जिन्होंने समाजसेवा के कार्यों में मेरा साथ दिया है। हमारा उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों, महिलाओं और असहाय लोगों तक सहायता पहुंचाना है। भविष्य में भी हम पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ समाज के लिए कार्य करते रहेंगे।”
उन्होंने कहा कि समाजसेवा केवल एक कार्य नहीं, बल्कि मानवता के प्रति जिम्मेदारी है। जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना ही उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
भारती नेगी को मिले इस सम्मान से उनके परिवार, शुभचिंतकों और परिचितों में खुशी का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि को सामाजिक सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की एक महत्वपूर्ण पहचान के रूप में देखा जा रहा है।



