उत्तर प्रदेशधर्म कर्मराज्य - शहर

सीताराम विवाह के प्रसंगों ने बांधा समां, डॉ. कुमार विश्वास की भावपूर्ण प्रस्तुति से भाव-विभोर हुए हजारों श्रोता

नोएडा, सेक्टर-38 स्थित वर्ल्ड्स ऑफ वंडर में समाजसेवी, शिक्षाविद् एवं उद्यमी मुकेश शर्मा के सौजन्य से आयोजित तीन दिवसीय ‘अपने-अपने राम’ कार्यक्रम के दूसरे दिन प्रख्यात कवि एवं वक्ता डॉ. कुमार विश्वास ने भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह के दिव्य प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन कर हजारों श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और परिवारों की उपस्थिति रही।

डॉ. कुमार विश्वास ने अपनी विशिष्ट काव्यात्मक एवं ओजस्वी शैली में पुष्पवाटिका में श्रीराम-सीता के प्रथम मिलन, शिवधनुष भंग, लक्ष्मण-परशुराम संवाद और मिथिला के लोकाचार जैसे प्रसंगों को जीवंत कर दिया। उन्होंने सीता-राम विवाह को केवल एक वैवाहिक प्रसंग नहीं, बल्कि प्रेम, मर्यादा और पारिवारिक समन्वय का आदर्श बताया। श्रीराम और माता सीता के चरित्र के माध्यम से विश्वास, समर्पण, संवाद और सम्मान जैसे भारतीय वैवाहिक जीवन के चार महत्वपूर्ण स्तंभों का संदेश भी दिया।

आयोजक मुकेश शर्मा ने कहा कि ‘अपने-अपने राम’ के आयोजन का उद्देश्य भगवान श्रीराम के आदर्शों, जीवन मूल्यों और मर्यादा के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर युवा पीढ़ी तक पहुंचाना है। दूसरे दिन युवाओं की बड़ी संख्या में सहभागिता देखकर यह विश्वास और मजबूत हुआ है कि हमारा प्रयास सफल दिशा में आगे बढ़ रहा है। हमारी टीम का विशेष ध्यान श्रद्धालुओं की बैठने, सुरक्षा, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर है, ताकि किसी भी अतिथि को असुविधा न हो। जो लोग कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो पा रहे हैं, वे डिजिटल माध्यमों से भी इस कथा से जुड़ रहे हैं। हमारा प्रयास है कि भगवान श्रीराम के आदर्श हर घर और हर युवा तक पहुंचें।

कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। उल्लेखनीय है कि 13 से 15 नवंबर तक आयोजित इस तीन दिवसीय कार्यक्रम का समापन 15 नवंबर को होगा, जिसमें डॉ. कुमार विश्वास भगवान श्रीराम के जीवन दर्शन और आदर्शों से जुड़े प्रसंगों की प्रस्तुति देंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button