दिल्लीराज्य - शहर

सड़क सुरक्षा के लिए ‘सुरक्षित मन’ मॉडल की गूंज अंतरराष्ट्रीय मंच पर, डॉ. उदित नारायण पाण्डेय इंटरनेशनल बुक ऑफ ऑनर अवार्ड से सम्मानित

नई दिल्ली ||उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग के वरिष्ठ सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (वरिष्ठ एआरटीओ) एवं साहित्यकार डॉ॰ उदित नारायण पाण्डेय ने आज नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ़ इंडिया में अपराह्न 3 बजे से रात्रि 9 बजे तक आयोजित भारत–यूके लीडरशिप समिट 2026 में अपना शोध-पत्र “पहली सड़क मन की: मन को स्वस्थ करें, जीवन बचाएँ” प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि हर दुर्घटना का अन्त लोहे में होता है, पर अधिकांश की शुरुआत मन में होती है। समिट के ‘समग्र स्वास्थ्य, कल्याण एवं आध्यात्मिकता’ तथा ‘सड़क सुरक्षा एवं सतत परिवहन’ विषय-स्तम्भों के अन्तर्गत हुए इस वक्तव्य में उन्होंने सड़क सुरक्षा और मानसिक कल्याण को एक साझा प्रश्न के रूप में देखने का आह्वान किया।

समारोह में डॉ० उदित नारायण पाण्डेय को इंटरनेशनल बुक ऑफ़ ऑनर, इंग्लैण्ड (International Book of Honour, England) द्वारा ‘लोक प्रशासन और साहित्य में उत्कृष्टता के लिए’ इंटरनेशनल बुक ऑफ़ ऑनर अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें लोक प्रशासन, साहित्य और नागरिक जागरूकता में उनके योगदान तथा सामाजिक उत्तरदायित्व, सांस्कृतिक अभिव्यक्ति और सामुदायिक विकास को बढ़ावा देने के सम्मान में प्रदान किया गया।

संस्था का ध्येय-वाक्य है — ‘कीर्तिमान · सम्मान · प्रेरणा’ (Records · Recognition · Inspiration)। इसी समारोह में माननीय मंत्री श्री रामदास आठवले और कानपुर के मा सांसद श्री रमेश अवस्थी को भी सम्मानित किया गया।

डॉ० पाण्डेय ने बताया कि 2025 में विश्व की सड़कों पर लगभग 11.6 लाख लोगों की मृत्यु हुई। भारत में 2024 में 1,77,175 लोगों ने सड़क पर प्राण गँवाए — प्रतिदिन साढ़े चार सौ से अधिक; इनमें दो-तिहाई 18 से 45 वर्ष के थे। ग्रेट ब्रिटेन, जिसकी सड़कें विश्व की सबसे सुरक्षित सड़कों में हैं, वहाँ भी एक दशक से मृत्यु 1,600 से 1,800 के बीच अटकी है। ब्रिटेन की घातक दुर्घटनाओं में गति, व्यवहार और ध्यान-भंग सबसे बड़े दर्ज कारक हैं, जबकि वाहन-दोष केवल 3% में। उन्होंने कहा, “इंजीनियरिंग की परिपक्वता के बाद अगला मोर्चा मन है।”

मन के सात शत्रु। उन्होंने षड्रिपु — काम, क्रोध, लोभ, मोह, मद, मात्सर्य — और प्रमाद को सड़क पर दिखने वाले व्यवहार से जोड़ा: रोमांच की गति, सड़क-क्रोध, समय बचाने की जल्दबाज़ी, “मुझे कुछ नहीं होगा” का भ्रम, रास्ता न देना, होड़, तथा थकान, नशा और मोबाइल। गोस्वामी तुलसीदास के ‘मानस रोग’ प्रसंग, गीता की क्रोध-श्रृंखला, कठोपनिषद् के रथ-रूपक और चरक के ‘प्रज्ञापराध’ के माध्यम से उन्होंने दिखाया कि भारतीय चिन्तन मन का निदान भी देता है और उपचार भी। उन्होंने तुलसीदास का यह कथन भी उद्धृत किया कि केवल नियम और ज्ञान से मन के रोग नहीं जाते — सड़क पर भी जागरूकता आवश्यक है, पर पर्याप्त नहीं।

धर्मरथ और हादसों का दशानन-लंकाकाण्ड के राम–विभीषण संवाद का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सुरक्षा बड़े वाहन या अधिक गति से नहीं, शौर्य, धैर्य, विवेक, संयम, क्षमा और समता से आती है — “सौरज धीरज तेहि रथ चाका”। रावण के दस सिरों की तुलना उन्होंने तेज़ गति, नशा, मोबाइल, थकान, बिना हेलमेट और लाल बत्ती लाँघने जैसे दस ख़तरों से की। उन्होंने कहा कि चालान और जुर्माने सिर काटते हैं, पर स्थायी विजय तभी होगी जब विवेक का बाण मोह की जड़ पर लगे।

यात्रा-पूर्व मन-जाँच। उन्होंने चालकों के लिए सात प्रश्नों वाला सरल उपकरण प्रस्तुत किया — क्या मैं गुस्से में हूँ, जल्दी में हूँ, थका हूँ या किसी से होड़ में हूँ? एक भी उत्तर “हाँ” हो तो — रुकें, साँस लें, सुधारें, फिर चलें। गीता के ‘युक्ताहारविहारस्य’ सूत्र के आधार पर उन्होंने हर दो घण्टे पर विराम की सलाह दी।

प्रमुख प्रस्ताव। डॉ० पाण्डेय ने समिट के समक्ष निम्नलिखित प्रस्ताव रखे:

• संयुक्त राष्ट्र के सड़क सुरक्षा कार्य-दशक (2021–2030) के पाँच स्तम्भों के साथ ‘सुरक्षित मन’ को छठे, पूरक स्तम्भ के रूप में मान्यता।

• भारत की सड़क सुरक्षा की 4E रणनीति (शिक्षा, अभियांत्रिकी, प्रवर्तन, आपात-चिकित्सा) में पाँचवाँ E — ‘एकाग्रता’।

• उत्तर प्रदेश के एक राज्य बस-बेड़े और ब्रिटिश नियोक्ताओं के साथ पेशेवर चालकों के लिए ‘माइंड-फ़िट’ पायलट कार्यक्रम।

• चालक-प्रशिक्षण और लाइसेंस-नवीनीकरण में ध्यान, क्रोध और थकान पर साझा पाठ्यक्रम।

• टेली-मानस और एनएचएस टॉकिंग थेरेपीज़ के माध्यम से दुर्घटना-पीड़ितों और उनके परिवारों को मनोवैज्ञानिक सहायता।

• दुर्घटनाओं में मानवीय कारकों को दर्ज करने का साझा आँकड़ा-शब्दकोश, विद्यालय-पाठ्यक्रम, और भारत–यूके विज़न 2035 के अन्तर्गत संयुक्त कार्यसमूह, जो 2030 की संयुक्त राष्ट्र समीक्षा में संयुक्त प्रगति-रिपोर्ट दे।

उन्होंने समिट के विचारार्थ ‘सुरक्षित मन, सुरक्षित सड़क’ भारत–यूके घोषणा का प्रारूप भी रखा और कहा कि इससे बने उपकरण विश्व, विशेषकर ग्लोबल साउथ, के लिए निःशुल्क और खुले होने चाहिए।

डॉ० पाण्डेय ने स्पष्ट किया, “मन की साधना सुरक्षित सड़कों, वाहनों और आपात-सेवाओं की पूरक है, विकल्प नहीं। मन कभी पीड़ित को दोष देने का बहाना नहीं बनना चाहिए। सुरक्षित प्रणाली हमारी भूलों को जीवित बच निकलने योग्य बनाती है; आन्तरिक सुरक्षित प्रणाली उन्हें दुर्लभ बनाती है।”

अपने वक्तव्य के अन्त में उन्होंने कहा, “हर यात्रा की पहली सड़क मन है। मन को स्वस्थ करें, तो हम जीवन बचाना आरम्भ करते हैं — सड़क पर भी, संसार में भी। सुरक्षित भारत ही विकसित भारत है।”

डॉ॰ उदित नारायण पाण्डेय उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग में वरिष्ठ सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी हैं और दो दशक से अधिक समय से सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में कार्यरत हैं। वे संस्कृत के विद्वान् हैं और केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली से विद्यावारिधि (पीएचडी) प्राप्त हैं। भारतीय दर्शन को सड़क सुरक्षा से जोड़ने वाली उनकी कृतियों में काव्य-संग्रह “जागो रे जागो” (2023) और कहानी-संग्रह “समझावनपुर” (2025) प्रमुख हैं। उन्हें इंटरनेशनल बुक ऑफ़ ऑनर अवार्ड (2026), कविव्रती पुरस्कार (2025) और जयशंकर प्रसाद पुरस्कार (2022–23) सहित अनेक सम्मान मिल चुके हैं। वे दूरदर्शन और आकाशवाणी पर भी सड़क सुरक्षा पर विचार रख चुके हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button