सेक्टर 105 सेंट्रल पार्क को ‘नंदनवन’ बनाने वाले उद्यान विभाग के कर्मयोगियों को सलाम – दिव्य कृष्णात्रेय
नोएडा। कंक्रीट के बढ़ते जंगलों और भागदौड़ भरी शहरी ज़िंदगी के बीच जब कोई एक कोना हमें माँ के आँचल जैसी शीतल छांव और सुकून दे जाता है, तो उसके पीछे केवल मिट्टी, बीज और पानी नहीं, बल्कि कुछ गुमनाम और समर्पित हाथों की निःस्वार्थ तपस्या होती है। सेक्टर 105 स्थित सेंट्रल पार्क की अलौकिक छटा आज उसी मौन साधना की जीवंत गवाही दे रही है।
आरडब्ल्यूए सेक्टर 105, नोएडा के अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने पार्क के इस अद्भुत कायाकल्प और संवेदनशील रखरखाव के लिए नोएडा प्राधिकरण के उद्यान विभाग के प्रति अत्यंत भावुक और हृदयस्पर्शी शब्दों में कृतज्ञता व्यक्त की है।
दिव्य कृष्णात्रेय ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा, “जब सुबह की पहली किरण के साथ हम में से अधिकतर लोग गहरी नींद में होते हैं, तब उद्यान विभाग के हमारे ये कर्मयोगी साथी बिना किसी शोर या श्रेय की चाह के, चुपचाप हमारे कल और हमारी सेहत को संवारने में जुट जाते हैं। सेंट्रल पार्क की हरी घास पर ओस की बूँदें हों, हवा के झोंकों संग इठलाते रंग-बिरंगे फूल हों या घने वृक्षों से छनकर आती सुनहरी धूप—यहाँ का हर कण इन मेहनतकश हाथों के स्पर्श, ममत्व और समर्पण की कहानी कहता है। वे केवल पौधे नहीं लगाते, बल्कि हमारी साँसों में शुद्ध हवा और हमारे जीवन में मुस्कान रोपते हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि उद्यान विभाग की ने सेक्टर को एक ऐसा साझा आँगन सौंप दिया है, जहाँ दिनभर की थकान और तनाव के बाद कदम रखते ही मन हर बोझ से मुक्त हो जाता है। यहाँ सुबह की सैर करते बुज़ुर्गों की आँखों में तैरता सुकून और शाम को किलकारियाँ भरते बच्चों की खिलखिलाहट इस पार्क की असली जीवंतता है। वास्तव में, ईंट-पत्थर के मकानों से एक रिहायशी सेक्टर बनता है, लेकिन ऐसे हरे-भरे उद्यान उसमें प्राण फूँककर उसे एक ‘परिवार’ में बदल देते हैं।
उद्यान विभाग, नोएडा की पूरी टीम—अधिकारियों से लेकर धूप-बारिश में पसीना बहाने वाले हर माली साथी—को नमन करते हुए दिव्य कृष्णात्रेय ने कहा कि बिना किसी दिखावे के प्रकृति का श्रृंगार करने का यह कार्य किसी ईश्वरीय आराधना से कम नहीं है।
इसके साथ ही उन्होंने सभी सेक्टरवासियों से भी आत्मीय अपील की कि वे इस अनमोल उपहार को केवल एक सरकारी संपत्ति न समझें, बल्कि इसे अपने घर का आँगन और अपने परिवार का अभिन्न हिस्सा मानकर इसकी स्वच्छता, गरिमा और हरियाली को सहेजने में अपना पूरा योगदान दें।



