उत्तर प्रदेशधर्मधर्म कर्म

अपने अपने राम कार्यक्रम में डॉ कुमार विश्वास की कथा सुन राम रस में डूबे भगवत्प्रेमी श्रोतागण 

नोएडा llसमाजसेवी , शिक्षाविद् एवं प्रमुख उद्यमी मुकेश शर्मा द्वारा नोएडा में पहली बार आयोजित तीन दिवसीय भव्य सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम ‘अपने-अपने राम’ का शुक्रवार को वर्ल्ड्स ऑफ वंडर, सेक्टर-38 नोएडा में शानदार शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के पहले ही दिन प्रख्यात कवि एवं रामकथा मर्मज्ञ डॉ. कुमार विश्वास को सुनने के लिए हजारों की संख्या में लोग उमड़ पड़े। भगवत्प्रेमी भक्तों के उत्साह का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पूरा कार्यक्रम स्थल श्रोताओं से खचाखच भरा रहा और बड़ी संख्या में लोगों ने रामकथा का आनंद लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी, शिक्षाविद् एवं उद्यमी मुकेश शर्मा ने अपने पूरे परिवार के साथ दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुकेश शर्मा एवं उनके परिवार के सदस्यों ने डॉ. कुमार विश्वास को प्रतीक चिन्ह भेंटकर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।

अपने अपने राम के प्रथम दिवस डॉ. कुमार विश्वास ने भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के प्रसंग को अपनी विशिष्ट काव्यात्मक, भावपूर्ण एवं प्रभावशाली शैली में प्रस्तुत किया। उन्होंने प्रभु श्रीराम के जीवन, आदर्शों, मर्यादा और उनके व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। उनकी प्रस्तुति के दौरान पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट और जय श्रीराम के जयघोष से गूंजता रहा।

डॉ. कुमार विश्वास की रामकथा की चर्चित पंक्तियां भी इस आयोजन की भावना को खूबसूरती से व्यक्त करती हैं—

“राम सृष्टा भी हैं और सृष्टि भी,

राम दृष्टा भी हैं और दृष्टि भी।”

उनकी ऐसी ही काव्यात्मक अभिव्यक्तियां भगवान श्रीराम के व्यापक व्यक्तित्व और जीवन में उनके आदर्शों के महत्व को दर्शाती हैं।

इस अवसर पर कार्यक्रम के आयोजक मुकेश शर्मा ने कहा कि ‘अपने-अपने राम’ केवल एक धार्मिक या सांस्कृतिक आयोजन नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से हमारा प्रयास युवा पीढ़ी को भगवान श्रीराम के जीवन, उनके आदर्शों, मर्यादा, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और पारिवारिक मूल्यों से परिचित कराना है। आज की युवा पीढ़ी को भगवान श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में अच्छे संस्कार और सकारात्मक विचार अपनाने चाहिए, जिससे समाज में एक अच्छा संदेश पहुंचे।

मुकेश शर्मा ने कार्यक्रम में पहुंचे हजारों श्रोताओं एवं अतिथियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तीन दिवसीय आयोजन में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सुविधा और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उनकी पूरी टीम सुरक्षा, बैठने की व्यवस्था, आवागमन सहित सभी आवश्यक सुविधाओं पर लगातार नजर रख रही है। किसी भी आगंतुक को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि नोएडा में पहली बार इतने बड़े स्तर पर ‘अपने-अपने राम’ का आयोजन करना उनके लिए सौभाग्य और गौरव का विषय है। इस आयोजन को सफल बनाने में उनके परिवार, सहयोगियों और पूरी आयोजन टीम का महत्वपूर्ण योगदान है।

तीन दिवसीय इस विशेष आयोजन में आगामी दिनों में भी डॉ. कुमार विश्वास भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को अपनी अनूठी शैली में प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा, मानवीय मूल्यों और मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button