गौतमबुद्धनगर में आबकारी विभाग का विशेष अभियान, शराब की दुकानों और बार का औचक निरीक्षण
गौतमबुद्धनगर। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश तथा जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर एवं पुलिस आयुक्त गौतमबुद्धनगर के निर्देशन में जनपद में अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने और शराब की दुकानों पर नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया।

जिला आबकारी अधिकारी गौतमबुद्धनगर के पर्यवेक्षण में दिनांक 09 नवंबर 2026 को जनपदीय आबकारी टीमों ने जनपद में संचालित देशी शराब की दुकानों, कंपोजिट शॉप, मॉडल शॉप, प्रीमियम रिटेल शॉप एवं बार का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अनुज्ञापियों एवं विक्रेताओं को निर्देशित किया गया कि मदिरा के विभिन्न ब्रांड्स को दुकानों पर व्यवस्थित रूप से प्रदर्शित किया जाए तथा POS मशीन के माध्यम से प्रत्येक बिक्री को स्कैन कर निर्धारित मूल्य पर ही शराब की बिक्री सुनिश्चित की जाए।
इसके अतिरिक्त कैंटीनों की गहनता से जांच की गई और दुकानों पर गोपनीय टेस्ट परचेज भी कराया गया, ताकि बिक्री व्यवस्था एवं निर्धारित नियमों के अनुपालन की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा सके।
आबकारी विभाग की टीमों ने सभी मदिरा दुकानों पर लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग को रियल टाइम में संचालित रखने के निर्देश भी दिए। आबकारी विभाग द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष अभियान का उद्देश्य शराब की दुकानों पर पारदर्शिता बनाए रखना, निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली पर रोक लगाना तथा आबकारी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराना है।



